
Rajasthan BJP Madan Rathore: राजस्थान भाजपा (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के एक विवादास्पद बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध की स्थिति में पाकिस्तान का समर्थन करने से जुड़े कथित बयान पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरते हुए ‘देशद्रोह’ का आरोप लगाया है। वहीं, विवाद बढ़ने के बाद मदन राठौड़ ने सफाई जारी करते हुए कहा है कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर और गलत संदर्भ में पेश किया गया है।
कांग्रेस का भाजपा पर बड़ा हमला
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो क्लिप के आधार पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने मदन राठौड़ के कथित बयान को मुद्दा बनाते हुए भाजपा के राष्ट्रवाद पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस की ओर से निशाना साधते हुए कहा गया कि भाजपा का ‘पाकिस्तान प्रेम’ एक बार फिर सबके सामने आ गया है।
BJP का पाकिस्तान प्रेम फिर सामने आया ???? राजस्थान BJP के अध्यक्ष मदन राठौड़ का कहना है – “अगर अमेरिका-पाकिस्तान में युद्ध होता है, तो हम पाकिस्तान के साथ हैं।” जी हां, BJP उसी पाकिस्तान का साथ देगी, जिसने भारत के नागरिकों की हत्या करवाई। BJP वालों की रग-रग में देशद्रोह भरा है। https://t.co/bs93i1KLVe
— Congress (@INCIndia) October 15, 2026
कांग्रेस ने कहा कि राजस्थान BJP के अध्यक्ष मदन राठौड़ का कहना है कि अगर अमेरिका और पाकिस्तान में युद्ध होता है, तो हम पाकिस्तान के साथ हैं। भाजपा उसी पाकिस्तान का साथ देने की बात कर रही है, जिसने भारत के निर्दोष नागरिकों और सैनिकों की हत्या करवाई है। भाजपा वालों की रग-रग में देशद्रोह भरा है।
मदन राठौड़ की सफाई
विवाद बढ़ने और विपक्षी दलों के हमलावर होने के बाद राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूरे मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि उनके भाषण के एक छोटे से अंश को संदर्भ से काटकर पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि मैंने जो भी बात कही थी, वह क्रिकेट मैच के संदर्भ में कही थी। मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है, जो बिल्कुल भी उचित नहीं है। यह मुझे बदनाम करने की राजनीतिक साजिश है।
मैंने जो बात कही थी, वह भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच के संदर्भ में कही थी, लेकिन मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया, जो बिल्कुल भी उचित नहीं है। -श्री @madanrrathore प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा राजस्थान https://t.co/aQlexxLd2o
— BJP Rajasthan (@BJP4Rajasthan) October 15, 2026
उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान के साथ भारत के रिश्ते कभी सामान्य नहीं हो सकते क्योंकि वह आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला देश है। उन्होंने अपील की कि उनके पूरे भाषण को देखा जाए, जिसे गलत तरीके से काटकर विवाद खड़ा करने की कोशिश की गई है।
क्या कहते हैं एक्स यूजर्स?
राठौड़ के इस बयान पर एक्स यूजर्स ने भी तीखी टिप्पणियां की हैं। कड़वा सच नामक हैंडल से लिखा- क्रिकेट मैच के बाद हाथ नहीं मिलाएंगे पर पाकिस्तान के साथ हैं। संदीप नामक एक यूजर ने लिखा- तभी तो जब चाहें पुलवामा और पहलगाम करवा देते हैं। एक अन्य यूजर हिरोशिमा ने लिखा- दूसरों को देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांटने वाली मशीन आज खुद शॉर्ट-सर्किट हो गई है। कल तक जो देश का सबसे बड़ा दुश्मन था, आज वो ‘प्यारा पड़ोसी’ बन गया। मदन जी का यह ‘पड़ोसी धर्म’ देखकर तो सीमा पार बैठे लोग भी सोच रहे होंगे कि हमारा सबसे बड़ा शुभचिंतक तो राजस्थान में बैठा है!


