
न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज के लिए फिन ऐलन, लॉकी फ़र्ग्यूसन और टिम साइफर्ट को टीम में वापस बुलाया है। इसके अलावा रचिन रवींद्र चोट से उबरने के बाद टीम में वापसी करेंगे। वह पिछले महीने एक प्रोमो शूट के दौरान कंधे में चोट लगने के कारण भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज नहीं खेल पाएंगे।
चयनकर्ताओं ने पांच वनडे मैचों के लिए एक विभाजित टीम की घोषणा की है, क्योंकि आगामी टेस्ट सीरीज़ की तैयारी के लिए कुछ खिलाड़ी तीसरे वनडे के बाद पहले टेस्ट के वेन्यू वेलिंगटन जाएंगे। इसका मतलब है कि सात अन्य खिलाड़ी आख़िरी दो वनडे मैचों के लिए टीम से जुड़ेंगे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट में कहा गया, “जैक फ़ॉक्स (हिप फ़्लेक्सर), विल ओ’रूर्क (पिंडली) और बेन सीयर्स (टखना) को नहीं चुना गया क्योंकि वे अपनी-अपनी चोटों से उबरने के लिए रिहैब कर रहे हैं।”
The limited-edition Kotahitanga ODI shirt by Castore Buy yours now at https://t.co/QmhJAXWozn or selected Rebel Sport stores. https://t.co/Low9ib2lf8
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) October 10, 2026
मिचेल सैंटनर सफेद गेंद में टीम की अगुवाई करेंगे। ऐलन और फ़र्ग्यूसन ने अपना आख़िरी वनडे 2023 के आख़िर में खेला था। ऐलन ने वनडे विश्व कप से ठीक पहले और फ़र्ग्यूसन ने विश्व कप के दौरान वनडे खेला था।
कोचिंग पदों के बारे में न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा, “मुख्य कोच रॉब वाल्टर के साथ गेंदबाज़ी कोच जैकब ओरम और बल्लेबाज़ी कोच ल्यूक रोंची जुड़ेंगे। यह रोंची का न्यूज़ीलैंड के साथ आख़िरी असाइनमेंट होगा, जिसके बाद वे पुरुषों की ऑस्ट्रेलियन बिग बैश लीग में मेलबर्न रेनेगेड्स के मुख्य कोच की भूमिका संभालेंगे। रोंची, ओरम, और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच क्रिस डोनाल्डसन तीसरे वनडे के बाद वेलिंगटन में टेस्ट की तैयारियों की अगुवाई करेंगे और उनके साथ नव-नियुक्त ब्लैककैप्स बल्लेबाज़ी कोच बीजे वाटलिंग भी जुड़ेंगे।”
वाल्टर, नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के मेन्स स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच कोरी माइल्स के साथ चौथे और पांचवें वनडे के लिए टीम के साथ रहेंगे। न्यूज़ीलैंड क्रिकेट द्वारा उचित समय पर अतिरिक्त कोचिंग सपोर्ट का ऐलान किया जाएगा।
वाल्टर ने कहा, “सबसे पहली और अहम बात यह है कि यह हमारे लिए बहुत बड़ी सीरीज़ है, जहां हम अपने प्रशंसकों के सामने खचाखच भरे स्टेडियमों में एक मज़बूत भारतीय टीम के ख़िलाफ़ खेल रहे हैं।
वनडे विश्व कप में सिर्फ़ एक साल का समय बचा है, इसलिए हमारे लिए इन मैचों को उस बड़े टूर्नामेंट की अहम तैयारी के तौर पर देखना भी जरूरी है। आखिरी दो वनडे मैचों के लिए सात नए खिलाड़ियों को लाने से हमें अपनी बेंच-स्ट्रेंथ परखने का मौक़ा मिलता है और यह देखने को मिलता है कि वे एक विश्व-स्तरीय टीम के खिलाफ कैसा प्रदर्शन करते हैं।”
भारत सीरीज के लिए न्यूजीलैंड का वनडे टीम:
पहले तीन वनडे: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवन कॉनवे, जैकब डफ़ी, मैट हेनरी, काइल जेमीसन, टॉम लेथम (विकेटकीपर), डैरिल मिचेल, ग्लेन फ़िलिप्स, रचिन रवींद्र, नेथन स्मिथ, विल यंग और ब्लेयर टिकनर।
आख़िरी दो वनडे: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फ़िन ऐलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफ़ी, मैट फ़िशर, लॉकी फ़र्ग्यूसन, मिच हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम साइफ़र्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर और विल यंग।

