नखरेबाजों और नामी खिलाड़ियों को जापान ना भेजने की रणनीति काम आई

Asian Games

एशियाड के लिए नखरेबज और नामी खिलाड़ियो से किनारा करने के संकेत खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने जुलाई के पहले हफ्ते में ही दे दिया था। उन्होंने साफ साफ शब्दों में कहा था कि एशियाई खेल कोई ‘एक्सपोजर ट्रिप’ नहीं है और पदक उम्मीदों पर ही फोकस रखते हुए इस बार 600 से कम सदस्यीय दल ही भेजा जायेगा। ऐसा ही हुआ और 502 खिलाड़ियों का दल जापान गया।

खेलमंत्री ने मीडिया से बातचीत में साफ तौर पर कहा था कि जापान में एशियाई खेलों में महज भागीदारी के लिये लंबा चौड़ा दल नहीं भेजा जायेगा। मांडविया ने कहा था ,‘‘ एशियाई खेल कोई एक्सपोजर ट्रिप नहीं है। यह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के लिये मंच है। इसमें पहले दौर में बाहर होने के लिये किसी को भेजने का कोई फायदा नहीं है। मैं बार बार कहता आया हूं कि अच्छा प्रदर्शन करने वालों के लिये ही भारतीय दल में जगह होगी।’’

उन्होंने कहा था , ‘‘एक्सपोजर कहीं और से भी हासिल किया जा सकता है, एशियाई खेल उसके लिये नहीं हैं। सिर्फ नौकरी पाने के लिये भागीदारी के मकसद से जाने के इच्छुक लोगों के नाम पर मंजूरी नहीं दी जायेगी।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ इस बार चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती गई है। इक्के दुक्के मामलों को छोड़कर कहीं कोई विवाद नहीं है और ये मामले भी सुलझ जायेंगे। चयन के मानदंडों के आधार पर ही दल चुना गया है। नौकरी पाने के लिये किसी को एशियाई या राष्ट्रमंडल खेल दल में शामिल करना या किसी के परिजन को सहयोगी स्टाफ बनाकर भेजना अब नहीं होगा।’’

विनेश फोगाट से किया किनारा

ओलंपियन महिला पहलवान विनेश फोगाट ट्रायल में एशियाई खेलों के लिये क्वालीफाई करने में विफल रही। 31 वर्षीय विनेश को 53 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत ने हराया। इंदिरा गांधी स्टेडियम में महिलाओं की 53 किग्रा के चयन ट्रायल्स के सेमीफाइनल मुकाबले में मीनाक्षी गोयत ने विनेश फोगाट को 6-4 से हराया। इससे पहले ट्रायल्स के लिए खूब हंगामा हुआ और साफ पता चल रहा था कि विनेश ना ही फॉर्म में है और ना ही सरकार उनको एशियाड ले कर जाने में दिलचस्पी दिखा रही है।

मनिका बत्रा को डाला रिजर्व खिलाड़ियों की लिस्ट में

भारत की सबसे कामयाब टेबल टेनिस खिलाड़ियों में से एक, 31 वर्षीय मनिका बत्रा मुख्य टीम में जगह नहीं बना पाईं और उन्हें रिजर्व खिलाड़ियों में रखा गया। मुख्य टीम में उनके शामिल न होने की वजह घरेलू टूर्नामेंट में उनकी गैर-मौजूदगी थी। महिला टीम की कप्तानी श्रीजा अकुला थी, जो वर्ल्ड रैंकिंग में 45वें स्थान पर थी और भारत की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी – वह मनिका से छह स्थान पीछे थी।हालांकि टेबल टेनिस में अपेक्षित परिणाम नहीं आ सका लेकिन मंत्रालय ने नियमों की अनदेखी नहीं सही।

दीपिका कुमारी और अतुन दास को नहीं भेजा गया जापान

चार बार की ओलंपियन दीपिका कुमारी, भारत के पूर्व नंबर एक तीरंदाज अतनु दास और एशियाई खेलों के पदक विजेता अभिषेक वर्मा जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिये भारतीय टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे। कुमकुम मोहोद को महिला रिकर्व टीम में जगह मिली। कंपाउंड वर्ग में अनुभवी ज्योति सुरेखा वेन्नम अकेली अनुभवी तीरंदाज थी।पुरूष रिकर्व वर्ग में धीरज बोम्मदेवरा शीर्ष, नीरज चौहान दूसरे और यशदीप भोगे तीसरे स्थान पर रहे। इसका सुखद परिणाम यह रहा कि तीरंदाजी में इन सभी खिलाड़ियों ने पदक जीते।