राहुल गांधी ने लॉन्च की ‘सत्याग्रह’ वेबसाइट, बोले- अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं तो साझा करें अपनी कहानी

राहुल गांधी ने लॉन्च की ‘सत्याग्रह’ वेबसाइट, बोले- अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं तो साझा करें अपनी कहानी

rahul gandhi

देशभर में अलग-अलग मुद्दों को लेकर प्रदर्शन के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘सत्याग्रह’ नाम की वेबसाइट लॉन्च की है। उन्होंने देश के लोगों से अपील की है कि अगर वे किसी अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं तो अपनी कहानी साझा करें।

 

राहुल गांधी ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि देशभर में लोग अपने हक के लिए लड़ रहे हैं – और अक्सर अकेले लड़ रहे हैं। Gen Z, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित, महिलाएँ – हर संघर्ष की अपनी कहानी है। पर जो आवाज अकेली उठती है, वो अक्सर दब जाती है। ‘सत्याग्रह’ इन्हीं आवाजों को एक नक्शे पर साथ लाने की पहल है।

 

उन्होंने कहा कि बापू ने यही सिखाया था – सच सबसे बड़ा हथियार है। पर उससे भी बड़ा हथियार है, एकता में सच के साथ खड़े होना। अगर आप भी किसी अन्याय से लड़ रहे हैं – अपनी कहानी भेजिए। दो मिनट लगेंगे।

 

कांग्रेस नेता ने कहा कि आपकी कहानी नक्शे पर आएगी। आप देखेंगे कि आपकी तरह और कौन-कौन लड़ रहा है। और मैं जो कर सकता हूँ, करूँगा – संसद में, सड़क पर, खत लिखकर, जहां भी मेरी ज़रूरत हो वहां आपके साथ खड़े होकर – नेता विपक्ष के रूप में ये मेरी जिम्मेदारी है। 

वेबसाइट पर कैसे बतानी है अपनी कहानी?

राहुल गांधी ने लोगों से अपनी कहानी ‘सत्याग्रह’ वेबसाइट पर साझा करने को कहा है। इसके लिए उन्होंने लिंक जारी की है। राहुल के मुताबिक, इस पहल से देशभर के अलग-अलग संघर्षों की तस्वीर एक जगह सामने आ सकेगी। लोग अपनी कहानी बताएंगे और यह भी देख सकेंगे कि उनके जैसे मुद्दों को लेकर और कौन लोग आवाज उठा रहे हैं।