Bonus Share: मोल्ड-टेक ग्रुप की दो कंपनियां देंगी बोनस शेयर, 9 अक्टूबर रिकॉर्ड डेट; 6 महीनों में 80% तक रिटर्न

मोल्ड-टेक ग्रुप की दो कंपनियां बोनस शेयर देने जा रही हैं। ये कंपनियां हैं- मोल्ड-टेक पैकेजिंग और मोल्ड-टेक टेक्नोलॉजीस। दोनों कंपनियों ने इस कॉरपोरेट एक्शन की घोषणा अगस्त महीने में की थी। दोनों के बोनस इश्यू के लिए रिकॉर्ड डेट 9 अक्टूबर है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में दर्ज होंगे, वे बोनस शेयर पाने के हकदार होंगे।

मोल्ड-टेक पैकेजिंग और मोल्ड-टेक टेक्नोलॉजीस के शेयरहोल्डर्स को उनके पास मौजूद हर एक शेयर पर 1 नया शेयर बोनस के तौर पर मिलने वाला है। मोल्ड-टेक पैकेजिंग के शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है, जबकि मोल्ड-टेक टेक्नोलॉजीस के शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। दोनों कंपनियों की ओर से बोनस शेयरों का अलॉटमेंट 12 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

Mold-Tek Technologies का शेयर 6 महीनों में 80 प्रतिशत मजबूत

Mold-Tek Technologies के शेयर की वर्तमान में BSE पर कीमत 203.70 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 586 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर 3 महीनों में 50 प्रतिशत और 6 महीनों में 80 प्रतिशत से ज्यादा मजबूत हुआ है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 227.20 रुपये और एडजस्टेड लो 101.30 रुपये है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 50.47 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

Mold-Tek Tech का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में रेवेन्यू 45.52 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 10 करोड़ रुपये रहा। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 142.81 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 10.58 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

Bajaj Finance Shares: दो रास्ते से ₹17500 करोड़ जुटाएगी बजाज फाइनेंस! लेकिन एक में है पेच

Mold-Tek Packaging 6 महीनों में 30 प्रतिशत बढ़ा

दूसरी ओर Mold-Tek Packaging के शेयर की कीमत वर्तमान में BSE पर 659.10 रुपये है। यह शेयर BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी का मार्केट कैप 2200 करोड़ रुपये के करीब है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 830.35 रुपये और एडजस्टेड लो 453.80 रुपये है। शेयर 6 महीनों में 30 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 33.21 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

Mold-Tek Packaging का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में रेवेन्यू 300.45 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 25.57 करोड़ रुपये रहा। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 886.61 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 72.87 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।