
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामपुर गोलीकांड की बरसी पर राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने देहरादून स्थित कचहरी परिसर के शहीद स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया।
मुख्यमंत्री धामी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारियों के अदम्य संघर्ष, त्याग और बलिदान के परिणामस्वरूप ही पृथक उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हो सका।
राज्य आंदोलनकारियों के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों का योगदान अविस्मरणीय है। उनके संघर्ष और बलिदान को हमेशा श्रद्धा एवं कृतज्ञता के साथ याद किया जाता रहेगा।
रामपुर गोलीकांड की बरसी पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के जरिए राज्य निर्माण आंदोलन में अपने प्राण न्योछावर करने वाले आंदोलनकारियों के योगदान को याद किया गया। उत्तराखंड राज्य के गठन के लिए चले आंदोलन में आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।


