सामने आएगा भागीरथपुरा में 36 मौतों का सच, इंदौर के दूषित जल कांड की 600 पन्‍नों की रिपोर्ट होगी सार्वजनिक

सामने आएगा भागीरथपुरा में 36 मौतों का सच, इंदौर के दूषित जल कांड की 600 पन्‍नों की रिपोर्ट होगी सार्वजनिक

security in bhagirathpura indore

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जल से हुई 36 लोगों की मौत का सच अब सामने आएगा। इससे संबंधी रिपोर्ट अब जल्‍द ही सार्वजनिक की जाएगी। बता दें कि इंदौर हाई कोर्ट ने इस रिपोर्ट को ऑनलाइन अपलोड करने के निर्देश जारी किए हैं।

रिपोर्ट में हादसे के लिए अफसरों को जिम्मेदार ठहराने के साथ ड्रेनेज लाइन में गड़बड़ी का भी जिक्र किया गया है। अब जांच रिपोर्ट ऑनलाइन होने के बाद यह साफ होगा कि भागीरथपुरा में हुई मौतों के लिए किस स्तर पर लापरवाही हुई और ड्रेनेज लाइन के काम में क्या गड़बड़ियां सामने आई हैं।

ऑनलाइन अपलोड होगी रिपोर्ट : दअरसल, इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से हुई मौतों के मामले में आखिरकार जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होने का रास्ता साफ हो गया है। कोर्ट ने 600 पेज की जांच रिपोर्ट को ऑनलाइन अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि रिपोर्ट करीब एक माह पहले कोर्ट में पेश की जा चुकी थी, लेकिन एक याचिकाकर्ता के वकील ने इसे सार्वजनिक नहीं करने का आग्रह किया था। सोमवार को हुई सुनवाई में कोर्ट ने रिपोर्ट को ऑनलाइन करने के निर्देश दे दिए। अब दो-तीन दिन में रिपोर्ट के सभी पेज स्कैन कर कोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे

खास बात यह है कि रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग खुद याचिकाकर्ताओं की ओर से की गई थी। जांच रिपोर्ट में भागीरथपुरा कांड के लिए अफसरों की जिम्मेदारी तय किए जाने के साथ ही ड्रेनेज लाइन में हुए कथित घोटाले का भी उल्लेख किया गया है।

क्‍या है 600 पन्‍नों की रिपोर्ट में : भागीरथपुरा मामले को लेकर याचिका दायर होने के बाद जांच के लिए एक आयोग गठित किया गया था। आयोग ने बस्ती में दूषित पानी से हुई मौतों और पूरे घटनाक्रम की जांच की। मृतकों के परिजनों से दस्तावेज और प्रमाण लिए गए। इसके साथ ही संबंधित अफसरों से भागीरथपुरा बस्ती में कराए गए कामों और ड्रेनेज लाइन से जुड़े दस्तावेज भी मांगे गए।

जांच के बाद आयोग ने करीब 600 पेज की रिपोर्ट तैयार कर कोर्ट में पेश की। रिपोर्ट में हादसे के लिए संबंधित अफसरों को जिम्मेदार माना गया है। इसके अलावा ड्रेनेज लाइन से जुड़े कामों में गड़बड़ी और कथित घोटाले का भी उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद पूरे मामले में जिम्मेदारी और लापरवाही को लेकर तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।

क्‍या था भागीरथपुरा कांड : बता दें कि दिसंबर 2025 में इंदौर के भागीरथपुरा इलाके और आसपास की बस्ती में दूषित पानी पीने के बाद लोगों के बीमार पड़ने का सिलसिला शुरू हुआ था। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा और मौतों का सिलसिला भी शुरू हो गया। दूषित पानी के कारण 36 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो हजार से ज्यादा लोग बीमार हुए और 600 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। कई मरीजों में लीवर और किडनी से जुड़ी गंभीर समस्याएं सामने आई थीं। भागीरथपुरा का यह मामला देशभर में चर्चा में आया था। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी भागीरथपुरा पहुंचे थे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की थी। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई थी।