क्यों भड़के CJP नेता आशुतोष रांका? कहा- बंद कर देनी चाहिए चुनाव प्रक्रिया

क्यों भड़के CJP नेता आशुतोष रांका? कहा- बंद कर देनी चाहिए चुनाव प्रक्रिया

Ashutosh Ranka CJP

Rajasthan Nikay chunav: राजस्थान के निकाय चुनावों में भाजपा ने अपना दबदबा कायम रखते हुए सबसे ज्यादा निकायों पर कब्जा जमा लिया है। सबसे हैरान करने वाले नतीजे अजमेर और पाली नगर निगम से सामने आए हैं, जहां पार्षदों की संख्याबल में आगे होने के बावजूद कांग्रेस को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी और भाजपा ने बाजी मार ली। वहीं बीकानेर में 12 साल बाद कांग्रेस अपना मेयर बनाने में कामयाब रही। इन परिणामों और क्रास वोटिंग की तस्वीरों के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए देश में चुनाव प्रक्रिया बंद करने तक की मांग कर डाली है।

चुनाव बंद करवा देने चाहिए

निकाय अध्यक्ष चुनावों में हुई क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक जोड़-तोड़ पर राजस्थान में ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चला रहे सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका का गुस्सा फूट पड़ा। बिना किसी पार्टी का नाम लिए उन्होंने कहा कि आज जिस तरह की तस्वीरें सामने आई हैं, मुझे लगता है कि अब देश में चुनाव बंद करवा देने चाहिए। जब वोट चाहे किसी को भी मिले और सरकार एक की ही बननी है, तो फिर चुनाव कराने की क्या जरूरत है? रांका मूलत: राजस्थान के ही रहने वाले हैं।

बहुमत कांग्रेस का, लेकिन अजमेर-पाली में खिला कमल 

राजस्थान के 309 निकायों के लिए हुए चुनाव के बाद आए नतीजों ने सभी को चौंका दिया है। सबसे बड़ा उलटफेर अजमेर और पाली में देखने को मिला। यहां भाजपा के केवल 32 पार्षद जीतकर आए थे, लेकिन मेयर चुनाव में भाजपा की उम्मीदवार अनामिका शर्मा को 42 वोट मिले और वे मेयर पद पर काबिज हुईं। यहां कांग्रेस पार्षदों की क्रॉस वोटिंग और निर्दलियों के समर्थन की चर्चा जोरों पर है। पाली में भी समीकरण पूरी तरह बदल गए। भाजपा के मात्र 21 पार्षद जीते थे, मगर उनकी उम्मीदवार नमिता बुबकिया को 33 वोट हासिल हुए। दूसरी ओर 29 पार्षदों वाली कांग्रेस को मेयर चुनाव में महज 3 वोटों से ही संतोष करना पड़ा।

बीकानेर में 12 साल बाद कांग्रेस का बोर्ड

दूसरी ओर, बीकानेर नगर निगम में पार्टी ने 12 साल बाद शानदार वापसी की। 80 सदस्यीय बोर्ड में कांग्रेस के 42 पार्षद थे। चुनाव में कांग्रेस के अनिल कल्ला ने 50 वोट हासिल कर भाजपा के सुरेंद्र सिंह शेखावत (30 वोट) को 20 वोटों से शिकस्त दी।