
2029 PM Candidate: साल 2029 के लोकसभा चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन विपक्षी खेमे में प्रधानमंत्री पद के चेहरे को लेकर सियासत अभी से गरमाने लगी है। विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री का चेहरा कौन होगा? इसे लेकर तमिलनाडु में राजनीतिक खींचतान शुरू हो गई है। सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) और उसकी गठबंधन सहयोगी कांग्रेस के बीच पीएम पद की उम्मीदवारी को लेकर सीधा टकराव दिखाई दे रहा है। स्थिति इस कदर बिगड़ चुकी है कि कांग्रेस के मंत्रियों ने राज्य सरकार से इस्तीफा देने तक का ऐलान कर दिया है।
राहुल गांधी के नाम पर समर्थन दें वरना देंगे इस्तीफा
तमिलनाडु के मंत्री एस. राजेश कुमार ने दो-टूक कहा है कि यदि गठबंधन सहयोगी TVK 2029 के चुनाव में राहुल गांधी को पीएम उम्मीदवार बनाने के फैसले का समर्थन नहीं करती है, तो वह और उनके साथी मंत्री पी. विश्वनाथन तुरंत अपने पदों से इस्तीफा दे देंगे। कन्याकुमारी में एक कार्यक्रम के दौरान राजेश कुमार ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए कहा कि राहुल गांधी ही भारत के अगले प्रधानमंत्री होंगे। हम अपने रुख से कोई समझौता नहीं करने वाले। इससे पहले शुक्रवार को उच्च शिक्षा मंत्री पी. विश्वनाथन ने भी स्पष्ट किया था कि INDIA गठबंधन की ओर से राहुल गांधी ही पीएम पद के निर्विवाद चेहरा हैं। ALSO READ: तमिलनाडु CM विजय के यू-टर्न पर भड़के CJP नेता अभिजीत दीपके, कहा डर लग रहा है तो सुधारो व्यवस्था
TVK नेताओं की अलग ही मांग
विवाद की शुरुआत TVK नेताओं के उस बयान से हुई जिसमें मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (अभिनेता थलपति विजय) को 2029 का प्रधानमंत्री उम्मीदवार बनाने की मांग की गई। राज्य के मंत्री एम. शरतकुमार ने हाल ही में विजय की तारीफ करते हुए कहा था, जो हमारे दिलों में, घरों में और सेंट जॉर्ज फोर्ट में सीएम हैं, वही देश के अगले प्रधानमंत्री हैं। TVK खेमे से लगातार उठ रही इस मांग ने कांग्रेस को असहज कर दिया है।
तमिलनाडु विधानसभा का सीटों का गणित
तमिलनाडु विधानसभा की कुल 234 सीटों में से TVK के पास 107 विधायक हैं, जबकि बहुमत का आंकड़ा 118 है। सरकार बनाने के लिए TVK को 5 सीटों वाली कांग्रेस, MDMK और अन्य सहयोगियों के समर्थन की आवश्यकता पड़ी थी। मई में कांग्रेस के समर्थन के बाद ही राज्य में सरकार का गठन हो सका था। ALSO READ: तमिलनाडु की विजय सरकार का यू-टर्न, CJP और लेफ्ट के प्रदर्शन में जाने से छात्रों को रोकने वाला आदेश वापस
MDMK प्रमुख वाइकू का कांग्रेस को समर्थन
गठबंधन के अन्य सहयोगी MDMK के प्रमुख वाइकू ने भी राहुल गांधी की उम्मीदवारी का खुलकर समर्थन किया है। वाइकू ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस INDIA गठबंधन का नेतृत्व कर रही है, इसलिए राहुल गांधी के अलावा पीएम पद का कोई दूसरा विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री विजय को सलाह दी कि वे इस तरह के बेतुके दावे करने वाले अपने मंत्रियों पर तुरंत लगाम लगाएं।
तमिलनाडु में कितनी हैं लोकसभा सीटें?
उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु में लोकसभा की 39 सीटें हैं। ऐसे में यदि आगामी लोकसभा चुनाव 2029 में उनकी पार्टी सभी 39 सीटें भी जीत लेती है, तो भी प्रधानमंत्री पद के लिए उनका दावा नहीं बनता। क्योंकि वर्तमान स्थिति में देखें तो विपक्ष में कांग्रेस ही सबसे बड़ी पार्टी है। ऐसे में टीवीके का दावा तो बनता ही नहीं है।


