
Top News 31 August : उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी। नेपाल में बाढ़ से एक झूला पुल बहा। नेपाल की विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के बाद 900 से ज्यादा हाइड्रोपावर कर्मचारी लापता। उत्तराखंड में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। दिल्ली में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले। 31 अगस्त की बड़ी खबरें :
उत्तर भारत में बारिश का कहर
उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी। जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन से सांबा-मानसर मार्ग और बनी-बसोहली सड़क पर यातायात ठप हो गया। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 5 सितंबर तक बारिश और बज्रपात का अनुमान जताया है।
नेपाल में फिर बाढ़, झूला पुल बहा
नेपाल के मध्य हिस्से में रविवार सुबह त्रिशूली नदी में फिर बाढ़ आ गई। इस बाढ़ में एक झूला पुल बह गया। यह पुल गंडकी प्रांत के गोरखा जिले की गंडकी ग्रामीण नगरपालिका-8 के घ्यालचोक को पृथ्वी राजमार्ग के पास स्थित चरौंदी से जोड़ता था।
सुरंगों में फंसे 900 से ज्यादा हाइड्रोपावर कर्मचारी
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के बाद 900 से ज्यादा हाइड्रोपावर कर्मचारी लापता हैं। इन मजूदूरों के जलविद्युत परियोजनाओं की सुरंगों में फंसे होने की आशंका है। कर्मचारियों और इंजीनियरों को निकालने के लिए नेपाली सेना के नेतृत्व में करीब 90 सदस्यीय संयुक्त टीम अभियान चला रही है। बचाव दल सुरंग तक पहुंचने के लिए ड्रिलिंग, खुदाई और नियंत्रित विस्फोट कर रहे हैं। ALSO READ: नेपाल में बाढ़ से सुरंगों में फंसे 900 से ज्यादा मजदूर, रेस्क्यू टीम चला रही अभियान, इस तरह पहुंचाई ऑक्सीजन
दिल्ली में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले
दिल्ली में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामलों में बढ़ोतरी जारी है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 29 अगस्त तक एच1एन1 के कुल 3565 मामले सामने आए हैं। इनमें दिल्ली के 3006 और दिल्ली से बाहर के 559 मामले शामिल हैं।
राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में FIR
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड के हल्द्वानी कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई है। राहुल गांधी के खिलाफ यह एफआईआर अनुसूचित जाति के युवक अमित कुमार की शिकायत पर दर्ज की गई है। अमित कुमार की तरफ से आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी ने उनके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया है। ALSO READ: राहुल गांधी की बढ़ीं मुश्किलें, उत्तराखंड में FIR दर्ज, जातिवादी टिप्पणी का लगा आरोप


