
सोशल मीडिया पर वायरल होने और ज्यादा से ज्यादा व्यूज पाने का जुनून एक युवक को भारी पड़ गया। ग्वालियर में एक युवक ने अपनी कार को ही ‘किसिंग कार’ बना दिया। कार की पूरी बॉडी पर उसकी महिला मित्र ने लिपस्टिक से करीब 3400 होठों के निशान बनाए। इसके बाद युवक ने कार का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल हुआ तो मामला पुलिस तक पहुंच गया और यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार को जब्त कर 5500 रुपये का चालान काट दिया। ALSO READ: कूड़े में फेंकी गई थीं एक्सपायरी चॉकलेट-टॉफियां, उठाने के लिए टूट पड़े लोग; वीडियो वायरल
3400 किस वाली कार का वीडियो हुआ वायरल
यातायात पुलिस के मुताबिक, करीब दो दिन पहले एमपी 07 सीसी 9452 नंबर वाली कार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में कार सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ती दिखाई दे रही थी। खास बात यह थी कि कार की पूरी बॉडी पर लाल रंग की लिपस्टिक से बने सैकड़ों होठों के निशान नजर आ रहे थे।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार की पहचान शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कार को थाटीपुर इलाके से बरामद कर लिया और उसे यातायात थाने ले आई।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक कार पर लिपस्टिक से बने करीब 3400 किस के निशान वायरल हो गए।
कार के मालिक आदित्य सिकरवार ने इसका वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया,
कार मालिक पर कुल ₹5,500 का जुर्माना लगाया गया और उसे थाने बुलाया गया।#gwalior #car #kiss #madhyapradesh pic.twitter.com/sVOLwKgEXb— Webdunia Hindi (@WebduniaHindi) August 25, 2026
पुलिस ने काटा 5500 रुपये का चालान
कार मालिक को थाने बुलाकर पुलिस ने वायरल वीडियो के बारे में पूछताछ की। युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस से माफी मांगी और आगे ऐसी गलती नहीं दोहराने की बात कही।
इसके बाद मोटर व्हीकल एक्ट के विभिन्न प्रावधानों के तहत कार का 5500 रुपये का चालान किया गया। पुलिस के सामने कार की बॉडी पर लगे लिपस्टिक के निशानों को पानी से साफ भी कराया गया।
यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी ने बताया कि वायरल वीडियो में कार तेज रफ्तार में चलती दिखाई दे रही थी। वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान कर कार्रवाई की गई। ALSO READ: मौत के बाद खुला भिखारी महिला का राज! 30 से ज्यादा बोरियों में मिले नोट-सिक्के, निकले 8.40 लाख रुपये
साढ़े तीन घंटे में बनाए गए थे 3400 निशान
पूछताछ में कार मालिक आदित्य सिकरवार ने बताया कि वह इंस्टाग्राम के लिए रील बनाता है और कार के इस अनोखे वीडियो को वायरल करने की उम्मीद थी। उसके मुताबिक, वीडियो को एक दिन में करीब 55 लाख व्यूज भी मिल गए।
आदित्य ने पुलिस को बताया कि कार पर लिपस्टिक के निशान उसने खुद नहीं बनाए थे। कार खड़ी होने के दौरान उसकी एक महिला मित्र ने पूरी बॉडी पर किस किए थे। करीब 3400 निशान बनाने में लगभग साढ़े तीन घंटे लगे।
इसके बाद कार का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया। उसका मकसद एक अलग तरह की रील तैयार करके सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना था।
वायरल रील के चक्कर में नियम न तोड़ें
इस मामले के सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने लोगों को सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए सड़क पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने या यातायात नियमों की अनदेखी नहीं करने की चेतावनी दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की लोकप्रियता के लिए सड़क पर लापरवाही करना न केवल कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है, बल्कि सड़क पर दूसरे लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा कर सकता है।


