जापान में टोक्यो के पास 5.9 तीव्रता का भूकंप:37 लोग घायल; अगले एक हफ्ते तक फिर भूकंप की चेतावनी, सुनामी का खतरा नहीं

जापान की राजधानी टोक्यो और आसपास के कांतो इलाके में रविवार को 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। इसमें कम से कम 37 लोग घायल हुए हैं। इनमें से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। जापान टाइम्स के मुताबिक, अधिकारियों ने लोगों को अगले एक हफ्ते तक इसी तरह के तेज भूकंप के लिए सतर्क रहने को कहा है। भूकंप का केंद्र इबाराकी प्रांत के दक्षिणी हिस्से में था। यह जमीन से करीब 68 किलोमीटर नीचे आया। कई इलाकों में भूकंप के झटके करीब एक मिनट तक महसूस किए गए। भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। भूकंप के बाद ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई भूकंप के कारण कांतो इलाके में रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं। जापान टाइम्स के मुताबिक, रविवार सुबह कई ट्रेन लाइनों में देरी हुई। इनमें जोबान लाइन, केहिन-तोहोकू लाइन, शोनान-शिंजुकु लाइन, मुसाशिनो लाइन और चुओ-सोबू लाइन समेत कई दूसरी लाइनें शामिल हैं। टोक्यो के 23 वार्डों के साथ साइतामा और चिबा में लंबे समय तक चलने वाले झटके भी दर्ज किए गए। इसे लॉन्ग पीरियड ग्राउंड मोशन कहा जाता है। ऐसे झटकों में ऊंची इमारतें काफी देर तक हिल सकती हैं। इसके दूसरे स्तर पर लोगों को खड़े रहने में परेशानी हो सकती है और फर्नीचर या दूसरी चीजें हिलकर गिर सकती हैं। खबर लगातार अपडेट हो रही है…