
Lucknow Bank Employee Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात से सनसनी फैल गई। यहां एक सिरफिरे पति ने अपनी बैंक कर्मचारी पत्नी की दिनदहाड़े बैंक के बाहर गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक इससे पहले आरोपी मानस ने अपनी बहन की भी हत्या कर दी थी।
दिनदहाड़े बैंक के बाहर खूनी खेल
मानस भी बैंक में काम करता था, जबकि उसकी पत्नी दिव्या बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर थी। बताया जा रहा है कि दोनों के आपसी रिश्ते ठीक नहीं थे। दोनों के बीच तलाक का मामला चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मृतका बैंक में कार्यरत थी और रोजाना की तरह अपने दफ्तर पहुंची थी। इसी दौरान उसका पति मानस वहां पहुंचा और अपनी जेब से तमंचा निकाला और पत्नी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही महिला खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ी। इससे पहले कि आसपास के लोग या बैंक सुरक्षाकर्मी कुछ समझ पाते या आरोपी को पकड़ते, मानस ने पिस्टल अपनी कनपटी पर रखी और खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घर पर बहन का भी मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जब पुलिस आरोपी मानस की पारिवारिक पृष्ठभूमि की जांच करने उसके आवास पर पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए। घर के अंदर मानस की बहन का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि मानस ने अपनी पत्नी की हत्या करने निकलने से पहले ही घर में अपनी बहन को मौत के घाट उतार दिया था।
क्या है घटना का कारण?
लखनऊ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल और आरोपी के घर का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। शुरुआती जांच में घरेलू कलह और गंभीर मानसिक तनाव को इस खौफनाक वारदात की वजह माना जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया और इस दोहरे हत्याकांड के पीछे की मुख्य वजह क्या थी। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


