शहजाद पूनावाला ने फिर दिया इस्तीफा, बोले- भाजपा की व्यवस्था छोड़ रहा हूं, विचार और व्यक्ति नहीं

शहजाद पूनावाला ने फिर दिया इस्तीफा, बोले- भाजपा की व्यवस्था छोड़ रहा हूं, विचार और व्यक्ति नहीं

Shehzad Poonawala Resigns

बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने सोमवार को एक बार फिर पार्टी के सभी पदों से अपना इस्तीफा सौंपा है और पार्टी से इसे स्वीकार करने का आग्रह किया है, क्योंकि उनका पिछला इस्तीफा अस्वीकार कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहा हूं, परंतु विचार और व्यक्ति नहीं।

 

पूनावाला ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन को अपना इस्तीफा पत्र एक बार फिर सौंपा है और अनुरोध किया है कि इसे स्वीकार किया जाए।

उन्होंने मार्गदर्शन और समर्थन के लिए भाजपा और उसके वरिष्ठ नेताओं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, जेपी नड्डा और बीएल संतोष का आभार व्यक्त किया।

 

उन्होंने आगे कहा कि किसी अन्य देश और किसी अन्य पार्टी में मेरे जैसी कहानी (एक युवा, पसमांदा मुस्लिम, जो किसी राजनीतिक परिवार से नहीं आता) का होना भी संभव नहीं होता।
 

पहले भी की थी पद छोड़ने की पेशकश

पूनावाला ने अपने इस्तीफे को लेकर लिखे पत्र में कहा कि कृपया इस पत्र को 30 जुलाई 2026 के मेरे पिछले पत्र के सिलसिले में पढ़ें, जिसमें मैंने जरूरी आर्थिक और निजी हालात की वजह से बीजेपी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से बिना किसी शर्त के इस्तीफा देने की पेशकश की थी।

 

उन्होंने लिखा कि यह बहुत भावुक करने वाला था और मैं सचमुच आभारी हूं कि पार्टी ने मेरा इस्तीफा तुरंत स्वीकार नहीं किया और मुझसे इस फैसले पर फिर से विचार करने का अनुरोध किया लेकिन काफी सोच-विचार के बाद मैंने यह अंतिम निर्णय किया है कि मैं बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद और सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से मुक्त होने का आग्रह करना चाहता हूं। मैं पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहा हूं, परंतु विचार और व्यक्ति नहीं।