नांदेड़ में पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर बादल पर कृपाण से हमला, अस्पताल में भर्ती, जानें कौन हैं सुखबीर बादल

नांदेड़ में पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर बादल पर कृपाण से हमला, अस्पताल में भर्ती, जानें कौन हैं सुखबीर बादल

Attack on Sukhbir Singh Badal in Nanded

Attack on Sukhbir Singh Badal in Nanded: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष नेता सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला हुआ है। जानकारी के मुताबिक बादल परिवार के साथ गुरुद्वारा माता साहिब कौर में माथा टेकने गए थे। उन पर एक निहंग ने कृपाण से हमला किया। बादल के साथ-साथ उनका सुरक्षाकर्मी भी घायल हुआ है। 

जानकारी के मुताबिक बादल के हाथ में चोट आई है। हमले में घायल होने के बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। हमले में एक सुरक्षाकर्मी भी घायल हुआ है। घटना के बाद नांदेड़ और पंजाब के राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुखबीर सिंह बादल धार्मिक और निजी दौरे पर नांदेड़ में थे, इसी दौरान उन पर हमला हुआ।

स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घटना की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, सुखबीर बादल को प्राथमिक उपचार दिया गया है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अस्पताल परिसर के बाहर जुटने शुरू हो गए हैं।

कौन हैं सुखबीर सिंह बादल?

 शिरोमणि अकाली दल (SAD) के वरिष्ठ नेता सुखबीर सिंह बादल पंजाब के उपमुख्यमंत्री (2009 से 2017 तक) रह चुके हैं। वह पंजाब की सबसे पुरानी क्षेत्रीय पार्टियों में से एक 'शिरोमणि अकाली दल' के अध्यक्ष हैं और सिख राजनीति में एक बड़ा नाम माने जाते हैं। सुखबीर सिंह बादल, पंजाब के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के बेटे हैं।

 

वह लोकसभा के सदस्य (सांसद) और केंद्रीय राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। पंजाब की राजनीति में पिछले दो दशकों से उनका और उनके परिवार का सीधा असर रहा है।