असम बाढ़ पीड़ितों के लिए हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान, झारखंड सरकार देगी 3 करोड़ रुपए की मदद

Jharkhand CM announces rs 3 crore relief for flood victims

असम में आई विनाशकारी बाढ़ से कई गांव तबाह हो गए। नदियां उफान पर है और सड़कों पर पानी भरा हुआ है। वर्षा जन्य हादसों में अब तक 91 लोगों की जान जा चुकी है। इस बीच झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने असम के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए 3 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। 

 

सीएम हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि असम में आई विनाशकारी बाढ़ से उत्पन्न गंभीर संकट से मैं अत्यंत व्यथित हूं। तथा इस आपदा में हुई जन-धन की अपूरणीय क्षति पर झारखंड की जनता की ओर से प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में झारखंड सरकार और राज्य की जनता असम के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग की भावना से झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री राहत कोष, असम में 3 करोड़ रुपए की सहायता राशि का योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि मैं झारखंड के सभी सक्षम नागरिकों एवं संस्थाओं से भी आग्रह करता हूं कि वे यथासंभव आगे बढ़कर असम के बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता करें। संकट के इस समय एक-दूसरे का हाथ थामना ही हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। असम के लोगों के धैर्य, साहस और सेवा-भाव को मेरा नमन। मां कामाख्या से प्रार्थना है कि असम शीघ्र इस प्राकृतिक आपदा से उबरकर सामान्य जनजीवन की ओर लौटे।

 

सीएम सोरेन ने कहा कि मुझे विश्वास है कि सामूहिक प्रयासों से असम शीघ्र इस संकट से उबर जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर झारखंड हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा। उन्होंने झारखंड की जनता की ओर से असम के सभी प्रभावित परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना व्यक्त की।