Kanpur News:आधी रात ‘गोली लगी’ की खबर से मचा हड़कंप, अस्पताल पहुंचते ही खुल गई पूरी सच्चाई

Kanpur DCP West Office Firing Rumour: कानपुर में रावतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देर रात डीसीपी पश्चिम कार्यालय के पास उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक युवती के गोली लगने की सूचना तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवती को तत्काल एलएलआर अस्पताल भिजवाया गया। लेकिन अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण के बाद सामने आया कि युवती को गोली नहीं लगी थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में गोली चलने की भी पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पूरा मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा होने की आशंका पर केंद्रित हो गया।