
2023 में कनाडा में खालिस्तानी समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की जांच कर रही कनाडाई पुलिस ने बड़ा बयान दिया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि अब तक उन्हें ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे भारतीय सरकार या उसके अधिकारियों का इस हत्या से संबंध साबित हो सके। यह बयान उस समय के कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के उन आरोपों से अलग है, जिनके बाद भारत और कनाडा के रिश्तों में काफी तनाव पैदा हो गया था।
RCMP अधिकारी ने दिया बयान
यह जानकारी कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) की डिप्टी कमिश्नर लीसा मोरलैंड ने दी। उनका बयान ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिका ने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके सहयोगी सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पर निज्जर की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
'ऑपरेशन हार्डबॉल' के तहत हुई कार्रवाई
अमेरिका, कनाडा और यूरोप की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने संयुक्त अभियान 'ऑपरेशन हार्डबॉल' चलाकर भारत से जुड़े तीन संगठित अपराध गिरोहों के कथित नेटवर्क पर कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत कुल 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बताया गया है कि गिरफ्तार किए गए लोगों के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग समेत भारत आधारित संगठित अपराध समूहों से जुड़े होने के आरोप हैं। मामले की जांच अभी जारी है और संबंधित एजेंसियां विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

