
उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले AIMIM को बुधवार को उस समय बड़ा झटका लगा जब पार्टी नेता सैयद असीम वकार कांग्रेस में शामिल हो गए। वे एआईएमआईएम के प्रवक्ता के तौर पर विभिन्न चैनलों पर पार्टी का पक्ष बड़ी मजबूती के साथ रखते थे।
लखनऊ से ताल्लुक रखने वाले सैयद असीम वकार ने कहा कि देश से मोहब्बत करने वाले लोग BJP की देशविरोधी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकना चाहते हैं, ताकि देश में एक सेक्युलर और जनहित की सरकार बनाई जा सके।
उन्होंने कहा कि AIMIM में रहने के बाद मुझे लगा कि हम बात तो BJP और उसकी विचारधारा से लड़ने की करते हैं, लेकिन जमीन पर उनसे लड़ रहे हैं जो BJP के खिलाफ हैं। इसलिए मैंने फैसला लिया कि अगर हम सच्चे देशभक्त हैं और ईमानदारी से BJP को सत्ता से हटाना चाहते हैं, तो कांग्रेस के साथ आना होगा जो मजबूती के साथ BJP से लड़ रही है।
देश से मोहब्बत करने वाले लोग BJP की देशविरोधी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकना चाहते हैं, ताकि देश में एक सेक्युलर और जनहित की सरकार बनाई जा सके।
AIMIM में रहने के बाद मुझे लगा कि हम बात तो BJP और उसकी विचारधारा से लड़ने की करते हैं, लेकिन जमीन पर उनसे लड़ रहे हैं जो BJP के खिलाफ… pic.twitter.com/RgZeFTKTtl
— Congress (@INCIndia) September 2, 2026
इस अवसर पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी में सैयद असीम वकार जैसे मजबूत व्यक्ति की ज्वाइनिंग हुई है। इन्होंने हमेशा अपनी वाकपटुता के साथ समाज को एक सकारात्मक संदेश देने का काम किया है। इनकी सोच और इनके विचार हमारे नेता राहुल गांधी जी के उस सपने से जुड़े हैं, जो उन्होंने इस देश के लिए देखा है। आज ‘मोहब्बत की दुकान’ लगातार बढ़ती जा रही है और साल 2027 में उत्तर प्रदेश के हर गांव, हर गली में कांग्रेस का झंडा फहराएगा।
गौरतलब है कि AIMIM जोरों से उत्तर प्रदेश चुनाव की तैयारी कर रही है। पार्टी नेता असदुद्दीन ओवैसी ने पिछले दिनों समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को गठबंधन की पेशकश की थी।


