
श्रेयस अय्यर भारतीय टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम के नए कप्तान बन गए हैं। लंबे समय से बाहर रहे श्रेयस अय्यर को ना केवल टीम में जगह दी गई है बल्कि एशियाई खेल, आयरलैंड दौरा और इंग्लैंड दौरे पर टी-20 टीम की कप्तानी भी थमाई गई है। श्रेयस अय्यर ने अपना आखिरी T-20I मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे विश्वकप 2023 के बाद घरेलू टी-20 सीरीज में खेला था।
भारत के ब्रिटेन के दौरे में 26 और 28 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। इसके बाद भारत इंग्लैंड के खिलाफ एक जुलाई से शुरू होने वाले पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे मैच खेलेगा।एशियाई खेल सितंबर-अक्टूबर में आइची-नागोया में होंगे और निर्धारित समय सीमा को देखते हुए टीम की घोषणा समय से पहले की जा रही है।
31 वर्षीय अय्यर टी20 विश्व कप टीम का हिस्सा नहीं थे। उन्हें बल्लेबाजी क्रम में सूर्यकुमार की जगह चौथे नंबर पर उतारा जा सकता है।अय्यर को आईपीएल में एक कप्तान और बल्लेबाज के रूप में शानदार प्रदर्शन करने का इनाम मिल रहा है। उनकी कप्तानी में तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजी (दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स) आईपीएल फाइनल पहुंची और उन्होंने एक बार ट्रॉफी जीती है।
इसके अलावा कप्तान रहते हुए उनकी बल्लेबाजी फॉर्म में कोई गिरावट नहीं आई है। उनकी एकमात्र कमी इस साल आईपीएल के दूसरे भाग में पंजाब किंग्स के खराब प्रदर्शन में देखने को मिली है, जबकि शुरुआत में उन्होंने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था।वहीं मुंबई इंडियन्स के मध्यक्रम बल्लेबाज को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
Presenting #TeamIndia's T20I squads for the tours of England & Ireland 2026 #ENGvIND | #IREvIND pic.twitter.com/f84kSSAIDf
— BCCI (@BCCI) June 6, 2026
आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 श्रृंखला के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी।
एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वैभव सूर्यवंशी।

