Re-NEET 2026 आज : 22 लाख छात्रों की परीक्षा, 1.38 लाख CCTV कैमरे और AI निगरानी के बीच होगा एग्जाम

नीट यूजी 2026 (NEET UG 2026) की दोबारा परीक्षा, जिसे कई लोग री-नीट (Re-NEET) भी कह रहे हैं, रविवार 21 जून को आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने दावा किया है कि परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और अभ्यर्थी-अनुकूल बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

ALSO READ: Electric Scooter खरीदने से पहले 14 जरूरी बातें जो आपके लिए जानना जरूरी

गौरतलब है कि NEET UG 2026 की मूल परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के चलते इसे रद्द कर दिया गया था। इसके बाद यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा विवाद बन गया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठी।

 

एनटीए ने कहा है कि वह सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रख रही है और फर्जी 'पेपर लीक' दावों तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से केवल एनटीए की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और अपुष्ट संदेशों को नजरअंदाज करने की अपील की है।

 

5,454 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा

 

एनटीए के अनुसार, री-नीट परीक्षा भारत के 551 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेशों के 14 केंद्रों सहित कुल 5,454 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा अंग्रेजी सहित 12 भारतीय भाषाओं में होगी।

 

परीक्षा के लिए देशभर में 95,000 से अधिक परीक्षा कक्ष बनाए गए हैं, जिनमें सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कुल 1,38,560 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर की जाएगी।

ALSO READ: EV स्कूटर कैसे चुने, खरीदने से पहले इन बातों की करें जांच, वरना पड़ेगा पछताना

नकल रोकने के लिए 51 हजार से अधिक जैमर

 

इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से होने वाली गड़बड़ियों को रोकने के लिए 51,311 जैमर लगाए गए हैं। इनमें 17,054 जैमर इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) और 34,257 जैमर भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं।

 

प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो निरीक्षक (Invigilators) तैनात किए गए हैं। इसके अलावा केंद्रों पर अतिरिक्त परीक्षा कर्मियों की भी नियुक्ति की गई है।

ALSO READ: EV स्कूटर कैसे चुने, खरीदने से पहले इन बातों की करें जांच, वरना पड़ेगा पछताना

बायोमेट्रिक और फेस ऑथेंटिकेशन से होगी जांच

 

उम्मीदवारों की पहचान सत्यापित करने के लिए 38,795 फ्रिस्किंग स्टाफ और 48,448 बायोमेट्रिक सत्यापन कर्मियों को तैनात किया गया है। बायोमेट्रिक जांच की क्षमता को दोगुना किया गया है और फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का भी उपयोग किया जाएगा, ताकि पहचान प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और तेज हो सके।

 

AI करेगा संदिग्ध गतिविधियों की पहचान

 

एनटीए ने बताया कि करीब 6,700 पर्यवेक्षकों (Observers) को परीक्षा केंद्रों पर तैनात किया गया है, जबकि 100 से अधिक वर्चुअल ऑब्जर्वर केंद्रीय स्तर पर सीसीटीवी फुटेज की निगरानी करेंगे।

 

इसके अलावा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित टूल्स के जरिए सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जाएगा, जिससे किसी भी असामान्य गतिविधि की तुरंत पहचान की जा सके।

 

सुरक्षा के लिए पुलिस, अर्धसैनिक बल और वायुसेना की तैनाती

 

परीक्षा सुरक्षा को देखते हुए राज्य और जिला प्रशासन, पुलिस, अर्धसैनिक बलों, भारतीय वायुसेना और डाक विभाग के कर्मचारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। औसतन प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 40 से 50 सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे।

 

देशभर में लगभग 1,500 बैंक शाखाओं में रखी गई गोपनीय परीक्षा सामग्री की निगरानी के लिए बैंक अधिकारियों की तैनाती की गई है। वहीं डाक विभाग लगभग 700 संग्रह केंद्रों से OMR शीट एकत्र करने का कार्य करेगा।

ALSO READ: Electric Scooters : भारत के 10 सबसे शानदार इलेक्ट्रिक स्कूटर्स, दमदार रेंज, स्मार्ट फीचर्स और किफायती कीमत का बेहतरीन कॉम्बिनेशन

छात्रों के लिए विशेष सुविधाएं

परीक्षा केंद्रों पर पीने के पानी, ओआरएस, एंबुलेंस और अभिभावकों के लिए छायादार प्रतीक्षा क्षेत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी लगाई गई है। बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों के लिए अतिरिक्त सुविधा और रफ वर्क के लिए अतिरिक्त पृष्ठ भी उपलब्ध कराए गए हैं। एनटीए ने सभी हितधारकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि 22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को शांत, सुरक्षित और सहयोगपूर्ण वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिलना चाहिए। Edited by : Sudhir Sharma