
रॉयल एनफील्ड ने भारतीय बाजार में Classic 350 Gorkha Edition को लॉन्च कर दिया है। इस स्पेशल एडिशन की एक्स-शोरूम कीमत ₹2.11 लाख (नई दिल्ली) रखी गई है। कंपनी ने इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी है। यह मोटरसाइकिल भारतीय सेना की गोरखा रेजिमेंट के साहस, दृढ़ता और अदम्य जज्बे को समर्पित है।
गोरखा-थीम के साथ खास डिजाइन
Classic 350 Gorkha Edition को मौजूदा Classic 350 पर आधारित किया गया है। इसमें खास Gorkha Green पेंट स्कीम दी गई है। बाइक पर कस्टम इंसिग्निया भी मिलता है, जिसमें गोरखा रेजिमेंट की पहचान माने जाने वाली क्रॉस्ड खुकरी का डिजाइन शामिल है। मोटरसाइकिल का ओवरऑल डिजाइन और अपराइट राइडिंग पोजिशन स्टैंडर्ड Classic 350 जैसी ही है।
मिलेंगे ये फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो Classic 350 Gorkha Edition में असिस्ट और स्लिपर क्लच के साथ Type-C USB फास्ट चार्जिंग पोर्ट दिया गया है। बाइक में मौजूदा Classic 350 वाला ही इंजन मिलता है। इसमें 349cc, एयर-कूल्ड J-Series इंजन दिया गया है, जो 20.1 bhp की पावर और 27 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को 5-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
बाइक के साथ लॉन्च हुआ Gorkha Collection
रॉयल एनफील्ड ने बाइक के साथ Gorkha Collection नाम से राइडिंग गियर और लाइफस्टाइल मर्चेंडाइज भी पेश किया है। इस कलेक्शन में डुअल-सर्टिफाइड Jet और Quest हेलमेट, हाई-एंकल लेदर बूट्स, मल्टी-फंक्शनल हेडगियर, अपैरल और कलेक्टेबल्स शामिल हैं। इन प्रोडक्ट्स के डिजाइन में सैन्य वर्दी, रेजिमेंटल इंसिग्निया और क्रॉस्ड खुकरी से प्रेरित एलिमेंट्स का इस्तेमाल किया गया है।


