Delhi-NCR Rain: भारी बारिश से हाहाकार, 14 उड़ानें डायवर्ट; दिल्ली-गुरुग्राम में लंबा जाम

Delhi-NCR Rain: भारी बारिश से हाहाकार, 14 उड़ानें डायवर्ट; दिल्ली-गुरुग्राम में लंबा जाम

air india plane diverted

दिल्ली-NCR में सोमवार सुबह हुई तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कई इलाकों में जलभराव के कारण सड़कों पर यातायात की रफ्तार थम गई और लोगों को लंबे जाम का सामना करना पड़ा। खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। दिल्ली एयरपोर्ट से अब तक 14 उड़ानों को डायवर्ट किया गया है, जिनमें 2 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं। इनमें से 12 उड़ानों को जयपुर एयरपोर्ट भेजा गया है। ALSO READ: Weather Update : 20 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ों में लैंडस्लाइड का खतरा; मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह

 

मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट, जबकि कुछ इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है। मौसम खराब होने के कारण उड़ानों के संचालन पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।

 

एयरलाइंस की यात्रियों को सलाह

खराब मौसम को देखते हुए स्पाइसजेट, एयर इंडिया, इंडिगो समेत कई एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों से घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेट्स जांचने की अपील की गई है। एयरलाइंस ने यह भी कहा है कि मौसम की स्थिति के कारण आगे की उड़ानों के समय में बदलाव या देरी हो सकती है।

दिल्ली-NCR में कई जगह भारी ट्रैफिक

भारी बारिश की वजह जलभराव के चलते दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव के चलते यातायात प्रभावित हुआ। संगम विहार के पास एमबी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। वायुसेनाबाद और संगम विहार के बीच भी ट्रैफिक काफी धीमा रहा और लोग करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। इसका असर एयरपोर्ट, ऑफिस और साकेत कोर्ट की ओर जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ा। नोएडा में भी बारिश के दौरान नेशनल हाईवे-9 पर हिंडन नदी के पास छिजारसी कट के आसपास वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बन गई। ALSO READ: मोदी-ट्रंप की G7 मुलाकात में क्या हुआ था? अमेरिकी राजदूत का बड़ा दावा- भारत ने कहा था ‘सवाल मत पूछिए’, फिर ट्रंप ने बदल दिया प्लान

गुरुग्राम में 2 से 3 फीट तक पानी

गुरुग्राम में भी कुछ ही देर की बारिश के बाद कई सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। इसके चलते दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे, सोहना रोड, ओल्ड दिल्ली रोड और रेलवे रोड पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। राजीव चौक अंडरपास और फ्लाईओवर के आसपास वाहन चालक करीब एक घंटे तक फंसे रहे।

 

अगले दो घंटे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो घंटों के दौरान दिल्ली-NCR में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। दिल्ली के अलावा झज्जर, फरुखनगर, सोहना, रेवाड़ी, पलवल, बावल, नूंह और हरियाणा के औरंगाबाद में भी बारिश के साथ हल्की आंधी और बिजली चमकने की संभावना है। राजस्थान के भिवाड़ी, तिजारा, खैरथल, कोटपूतली और अलवर में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है।