
दिल्ली इमारत हादसे में मध्यप्रदेश के देवास के 18 साल के अर्पित जाज की भी मौत हो गई। जबसे यह खबर सामने आई है, माता पिता बेहाल और बेसूध हैं। बता दें कि राखी पर ही अर्पित अपनी बहन से राखी बंधवाकर दिल्ली लौटा था। बहन को क्या पता था कि यह उसकी आखिरी राखी है। बता दें कि दिल्ली हादसे से पहले वहां के स्टूडेंट और नागरिकों ने बैसमेंट में चल रहे काम को लेकर कई तरह के सवाल उठाए थे, लेकिन किसी एक ने भी इस बारे में नहीं सुना और ये हादसा हो गया।
बता दें कि दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक 5 मंजिला बिल्डिंग ढह जाने से 7 लोगों की मौत हो गई। सोमवार सुबह जानकारी सामने आई है कि इस हादसे में मध्य प्रदेश के देवास कैलादेवी क्षेत्र के जय बजरंग नगर निवासी 18 वर्षीय अर्पित जाज के मलबे में दबने के कारण निधन होने की पुष्टि पिता भूपेंद्र ने की है।
हादसे की खबर मिलते ही अर्पित के माता-पिता दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। पड़ोसियों से बातचीत के बाद पता चला है कि अर्पित देवास से रविवार सुबह 7 बजे ही दिल्ली पहुंचा था और दोपहर में ये हादसा हो गया। अर्पित रक्षाबंधन की छुट्टी मनाने घर पर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि अर्पित सत्य निकेतन (Satya Niketan) के हॉस्टल डेजकी बिल्डिंग नम्बर 11 के कमरा नंबर 302 में था। बताया गया है कि वहां पिछले दिनों से बिल्डिंग की मरम्मत का काम चल रहा था।
मिली इमारत के गिरने की खबर सामने आते ही अर्पित के माता-पिता ने जब उसे कॉल किया तो उसका मोबाइल बंद बता रहा था। बार-बार प्रयास करने के बाद भी जब कोई जानकारी सामने नहीं आई तब वह रविवार को ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे।
घर में छा गया मातम : ताजा मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली में मौजूद माता-पिता ने जैसे ही अर्पित के चले जाने की खबर देवास में मौजूद परिवार को दी, वैसे ही घर पर मातम छा गया। अर्पित की बड़ी बहन प्रियांशी जाज जिसने उसे कुछ दिन पहले ही भाई को राखी बांधी थी, वह अपने आंसू रोक नहीं पाई। अर्पित के घर लोगों की भीड़ जुटने लगी है। सभी जानकार और पड़ोसी दुख की इस घड़ी में परिवार के पास मौजूद है। परिजनों में अर्पित के दादाजी और बड़ी बहन प्रियांशी ही घर पर है। परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर को पीएम होने के बाद वह अर्पित को लेकर शाम के समय दिल्ली से रवाना होंगे।
शनिवार को ही गया था दिल्ली : अर्पित दिल्ली यूनिवर्सिटी से सम्बद्ध आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। रक्षाबंधन पर घर आया था। शनिवार को दिल्ली ट्रेन से गया था। रविवार सुबह करीब 7 बजे वह पहुंचा था। दोपहर में खाना खाने के बाद अचानक बिल्डिंग गिर गई। स्थानीय विधायक गायत्री राजे पंवार ने अर्पित की बहन प्रियांशी से बातचीत की है।


