
रणजी ट्रॉफी भारतीय टेस्ट टीम के चयन का पैमाना होती तो शायद आकिब नबी को टेस्ट टीम में चयन के लिए जसप्रीत बुमराह की चोट का इंतजार नहीं करना पड़ता। जम्मू-कश्मीर की ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी जीत में 60 विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन के बावजूद अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए नबी को नहीं चुने जाने पर उनके समर्थकों और विशेषज्ञों ने सवाल उठाए थे।
हालांकि अब उनको बाहर हुए जसप्रीत बुमराह की जगह श्रीलंका दौरे पर जगह मिल गई है जहां वह निश्चित ही टेस्ट कैप पहनते हुए दिखाई देंगे। इस तरह से वह भारत की टेस्ट टीम में जगह बनाने वाले कश्मीर घाटी के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
ALSO READ: 67 सालों के इतिहास में पहली बार रणजी चैंपियन बना जम्मू और कश्मीर (Video)
वह इससे पहले जून के महीने में श्रीलंका ए के खिलाफ लाल गेंद की दो मैचों की श्रृंखला में भारत ए के लिए मैदान पर उतरे थे। इस कारण बुमराह के बाद सीधे नबी का नंबर लगा।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने एक बयान में कहा, ‘‘पुरुष चयन समिति ने बुमराह के स्थान पर औकिब नबी को टीम में शामिल किया है। जम्मू और कश्मीर के इस तेज गेंदबाज को पहली बार सीनियर राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है।’
श्रीलंका की सपाट पिचों पर उनका प्रदर्शन अगर अच्छा रहा, तो चयनकर्ताओं के लिए उन्हें राष्ट्रीय टीम से लंबे समय तक दूर रखना मुश्किल हो सकता है। भारतीय टीम को भी इस वर्ष श्रीलंका के बाद न्यूजीलैंड में टेस्ट श्रृंखला खेलनी है, जहां की परिस्थितियां नबी की गेंदबाजी के अनुकूल होगी।
आकिब बने थे रणजी के मैन ऑफ द मैच
अबूधाबी में हुए IPL नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स से 8.40 करोड़ रुपये की भारी भरकम रकम मिली। हालांकि सफेद गेंद से उनका प्रदर्शन प्रभावशाली नहीं रहा लेकिन वह लाल गेंद के सिद्धहस्त गेंदबाज माने जाते हैं।
नबी ने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सत्र में कुल 104 विकेट लिए थे, जिनमें 2025-26 सत्र में लिए गए 60 विकेट भी शामिल हैं। उन्होंने जम्मू कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। वह बल्लेबाजी में भी उपयोगी योगदान देने में सक्षम हैं।

