तृणमूल से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए ओलंपिक पदक विजेता टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस

भारत के लिए पहला एकल ओलंपिक पदक जीतने वाले टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने आज दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली। साल 2021 में लिएंडर पेस ने सत्ताधारी तृणमूल कॉंग्रेस की सदस्यता ली थी। हालांकि अब वह पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के लिए प्रचार करने के लिए उत्सुक हैं।

तीन दशक तक चले अपने करियर में पेस युगल रैंकिंग में शीर्ष पर भी रहे और इस दौरान उन्होंने 18 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते। इनमें आठ युगल और 10 मिश्रित युगल खिताब शामिल हैं। वह इन दोनों वर्गों में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले तीन खिलाड़ियों में शामिल हैं।

टेनिस में सर्वाधिक मिश्रित युगल ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से पेस और उनकी पूर्व जोड़ीदार मार्टिना नवरातिलोवा के नाम पर दर्ज है।

पेस 462 सप्ताह तक एटीपी युगल रैंकिंग में शीर्ष 10 में शामिल रहे। इनमें से 37 सप्ताह वह नंबर एक पर काबिज रहे। उन्होंने अपने करियर में एटीपी टूर में कुल 55 युगल खिताब जीते।

पेस ने 30 वर्ष तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने डेविस कप में रिकॉर्ड 45 मैच जीते हैं। इसके अलावा उन्होंने 1996 में अटलांटा ओलंपिक खेलों में एकल में कांस्य पदक जीता था।विश्व के पूर्व नंबर एक युगल खिलाड़ी लिएंडर पेस अंतरराष्ट्रीय टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले पहले एशियाई पुरुष भी हैं।