GST Collections in Oct 2026: देश का कुल जीएसटी कलेक्शन अक्टूबर महीने में सालाना आधार पर 23% बढ़कर ₹2.31 लाख करोड़ पर पहुंच गया। चार साल में यह इसकी सबसे तेज रफ्तार रही। इसके साथ ही लगातार चौथे महीने सरकार को ₹2 लाख से अधिक की जीएसटी मिल चुकी है। इससे पहले सितंबर महीने में जीएसटी कलेक्शन 14.7% की रफ्तार से बढ़ा था। पिछले महीने घरेलू गतिविधियों और आयात से होने वाले रेवेन्यू में मजबूत बढ़ोतरी से जीएसटी कलेक्शन को सपोर्ट मिला। इसके आंकड़े आज 1 नवंबर को जारी हुए हैं। अक्टूबर का कलेक्शन इस वित्त वर्ष 2027 में अप्रैल के बाद से सबसे अधिक हैं। अप्रैल में सरकार ने ₹2.43 लाख करोड़ की जीएसटी कलेक्ट की थी।
GST Collections in Oct 2026: आयात से सपोर्ट
पिछले महीने अक्टूबर में जीएसटी कलेक्शन को आयात से तगड़ा सपोर्ट मिला, जोकि सालाना आधार पर 42.2% बढ़कर ₹72,246 करोड़ पर पहुंच गया। घरेलू जीएसटी रेवेन्यू की रफ्तार थोड़ी सुस्त रही और यह 15.8% बढ़कर ₹1.59 लाख करोड़ पर पहुंच गया। नेट जीएसटी रेवेन्यू 25.6% बढ़कर ₹2.03 लाख करोड़ पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान रिफंड भी बढ़ा और यह 6.5% उछलकर ₹27,934 करोड़ हो गया जोकि ग्रास कलेक्शंस में ग्रोथ की तुलना में काफी सुस्त रही। वित्त वर्ष 2027 में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान ग्रास जीएसटी कलेक्शन 13.2% बढ़कर ₹14.78 लाख करोड़ हो गया तो इस दौरान नेट जीएसटी कलेक्शन 13% उछलकर ₹12.69 लाख करोड़ हो गया। अक्टूबर के जीएसटी कलेक्शन में CGST की हिस्सेदारी ₹42,935 करोड़, स्टेट जीएसटी की ₹51,340 करोड़ और इंटीग्रेटेड जीएसटी की हिस्सेदारी ₹1.37 लाख करोड़ रही।
महाराष्ट्र से मिली सबसे अधिक जीएसटी लेकिन असम-यूपी में रफ्तार तेज
पिछले महीने अक्टूबर में सरकार को सबसे अधिक घरेलू जीएसटी महाराष्ट्र से मिली। महाराष्ट्र से रेवेन्यू सालाना आधार पर 13% बढ़कर ₹35,150 करोड़ पर पहुंच गया।
कर्नाटक से जीएसटी कलेक्शन 18% बढ़कर ₹15,922 करोड़ और गुजरात से 16% उछलकर ₹13,516 करोड़ हो गया।
यूपी से पिछले महीने अक्टूबर में ₹10,235 करोड़ की जीएसटी कलेक्ट हुई लेकिन पिछले साल अक्टूबर में कलेक्शन के मुकाबले यह 24% अधिक रहा।
राजधानी दिल्ली से कलेक्शन 10% बढ़कर ₹9,298 करोड़ हो गया।
असम से जीएसटी कलेक्शन 47% उछलकर ₹1,934 करोड़ पर पहुंच गया।
झारखंड से जीएसटी का कलेक्शन 31% को एमपी से 29% बढ़ा ।
तमिलनाडु से कलेक्शन महज 3% बढ़कर ₹11,661 करोड़ पर पहुंच गया लेकिन हिमाचल प्रदेश से कलेक्शन 2% गिर गया।
M&M से Eicher Motors तक, शेयरों पर दांव से पहले चेक करें अक्टूबर में कितनी बिकी गाड़ियां

