
Weather Update 3 October : मौसम विभाग ने शनिवार को 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश और बिहार में नदियां उफान पर है। कई शहरों में सड़कों पर पानी भरा हुआ है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में आज आसमान साफ रहेगा।
बिहार में क्या है बाढ़ का हाल?
बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। शुक्रवार को गंडक नदी का पानी सारण जिले के नए इलाकों में पहुंच गया। कुछ जगहों पर तटबंध टूटने के बाद यह पानी नए क्षेत्रों में फैला। इसी बीच केंद्रीय जल आयोग ने ‘ऑरेंज’ बुलेटिन जारी किया। प्रशासन ने राहत और बचाव के लिए NDRF-SDRF की टीमें तैनात की हैं।
यूपी में भी उफान पर नदियां
उत्तर प्रदेश के कानपुर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा। लखनऊ में भारी बारिश के बाद गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से रिवरफ्रंट के बाएं और दाएं किनारों पर बने रास्तों और अन्य इलाकों में पानी भर गया है, जिसके चलते लखनऊ का गोमती रिवरफ्रंट अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई रेखा अभी भी 32.5°N/72.5°E, गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, दीसा, नालिया और 23.0°N/67.8°E से होकर गुजर रही है। उत्तर और पश्चिम भारत में शुष्क मौसम हावी है।
कहां कैसा है मौसम?
अरुणाचल प्रदेश में 3 और 4 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है। असम-मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा के साथ ही केरल और माहे 3-6 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है।
कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी छिटपुट बारिश हो सकती है। उत्तर भारत (दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान का बड़ा हिस्सा), मध्य भारत और पश्चिम भारत के अधिकांश इलाकों में आज बारिश की संभावना नहीं है। यहां आसमान साफ रहेगा।
दैनिक मौसम परिचर्चा (02-10-2026)
अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों; गुजरात और मध्य प्रदेश के ज़्यादातर हिस्सों; पूरे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड; और बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ व महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम…
— India Meteorological Department (@Indiametdept) October 2, 2026
पहाड़ी राज्यों पर बर्फबारी की संभावना नहीं
हाल के दिनों में हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों (लाहौल-स्पीति, किन्नौर, रोहतांग पास आसपास) और उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों (केदारनाथ-बद्रीनाथ के आसपास के ऊंचे हिस्से) में हल्की बर्फबारी हुई थी। आज इन क्षेत्रों में भी ज्यादातर साफ से सुखद मौसम रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के बिना नई बर्फबारी की कोई बड़ी गतिविधि नहीं दिख रही।


