बारिश के बाद 15 मिनट में तैयार होगा मैदान, 350 करोड़ से बदलेगी कानपुर की किस्मत! ग्रीनपार्क स्टेडियम में ये सब बदल जाएगा

कानपुर शहर में क्रिकेट पहचान रहे ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम का अब नए दौर में प्रवेश होने जा रहा है। करीब 80 साल पुराने इस स्टेडियम के कायाकल्प पर 350 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए 45 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी हो चुकी है। ग्रीनपार्क को सिर्फ खूबसूरत बनाने की नहीं, बल्कि ऐसा आधुनिक क्रिकेट सेंटर बनाने की तैयारी है, जहां भविष्य में टेस्ट, वनडे, टी-20 और आईपीएल जैसे बड़े मुकाबले कराए जा सकें।

बारिश के बाद 15 मिनट में तैयार होगा मैदान

ग्रीनपार्क स्टेडियम में सबसे बड़ा बदलाव मैदान के ड्रेनेज सिस्टम में होगा। विश्वस्तरीय ड्रेनेज सिस्टम तैयार किया जाएगा, जिससे बारिश के बाद मैदान को करीब 15 मिनट में दोबारा मैच के लिए तैयार किया जा सके। इसके अलावा दर्शक दीर्घाओं का पुनर्निर्माण, आधुनिक मीडिया सेंटर, खिलाड़ियों के लिए पवेलियन, फ्लड लाइट, पार्किंग, वीवीआईपी सुविधाएं, फिटनेस और रिकवरी सेंटर समेत कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। दर्शक क्षमता को बढ़ाकर करीब 55 हजार तक करने की योजना है।

यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन संजय कपूर के मुताबिक ग्रीनपार्क में पिचों के अलाइनमेंट में भी बदलाव प्रस्तावित है। आधुनिक सुविधाओं के साथ मैदान को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा, ताकि बड़े मुकाबलों के आयोजन में मौसम या दूसरी व्यवस्थाएं बाधा न बनें।

ग्रीनपार्क का कायाकल्प शहर की क्रिकेट विरासत को नई पहचान देने की कोशिश है। ग्रीनपार्क का कायाकल्प शहर की क्रिकेट विरासत को नई पहचान देने की कोशिश है।

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में खास जगह

ग्रीनपार्क सिर्फ एक क्रिकेट स्टेडियम नहीं, बल्कि कानपुर की पहचान और देश के क्रिकेट इतिहास का अहम हिस्सा है। वर्ष 1945 में अस्तित्व में आए ग्रीनपार्क को देश के पांच प्रमुख पुराने टेस्ट केंद्रों में शामिल किया जाता है। इसी मैदान पर भारत ने 1959 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी पहली घरेलू टेस्ट जीत दर्ज की थी। वर्ष 2016 में भारत का ऐतिहासिक 500वां टेस्ट मैच भी इसी मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला गया था। यही वजह है कि ग्रीनपार्क का कायाकल्प सिर्फ एक स्टेडियम का निर्माण नहीं, बल्कि शहर की क्रिकेट विरासत को नई पहचान देने की कोशिश है।

बड़े मैच आए तो कारोबार को मिलेगा बड़ा फायदा

ग्रीनपार्क जब एक बार फिर बड़े क्रिकेट मुकाबलों का नियमित केंद्र बनेगा तो इसका सीधा असर कानपुर की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। मैच देखने के लिए दूसरे शहरों से आने वाले दर्शकों से होटल, रेस्टोरेंट, कैब, ऑटो, मॉल, बाजार और छोटे कारोबारियों को फायदा मिलेगा। कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि ग्रीनपार्क कानपुर की पहचान और गौरव है। इसके आधुनिक स्वरूप में तैयार होने से शहर को बड़े क्रिकेट मुकाबले मिलेंगे और इसका लाभ खेल के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय कारोबार को भी मिलेगा।

कानपुर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि ग्रीनपार्क के कायाकल्प में आधुनिक सुविधाओं और दर्शकों की बेहतर व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों के लिए तैयार करने की दिशा में सभी जरूरी कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

नए स्वरूप में ग्रीनपार्क तैयार होने के बाद कानपुर को फिर बड़े क्रिकेट मुकाबले लगातार मिलने की उम्मीद है। इससे मैदान में चौके-छक्कों की गूंज के साथ शहर के होटल, बाजार और कारोबार में भी तेजी देखने को मिलेगी। ग्रीन पार्क के नए लुक की तस्वीर भी सामने आ गई है मॉडल को अब कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम की विजिटर गैलरी में लगाया गया है।

कानपुर से अखंड प्रताप सिंह की रिपोर्ट

रांची का स्विट्जरलैंड है यह गांव! करोड़पति यहां खेतों के बीच में बनाते हैं फार्म हाउस, खूबसूरती, सुकून, हरियाली सब कुछ