Viral Video: सोशल मीडिया पर बिहार के गोपालगंज का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यहां पर एक व्यक्ति ने अपनी नई महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक को चोरी से बचाने के लिए अनोखा जुगाड़ लगाता है। उसका ये अनोखा जुगाड़ सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। गोपालगंज के एक व्यक्ति ने अपनी नई महिंद्रा स्कॉर्पियो को चोरी से बचाने के लिए उसे घर की दूसरी मंजिल पर रखवा दिया। व्यक्ति ने क्रेन की मदद से SUV को जमीन से ऊपर उठाकर छत पर पहुंचाया। गाड़ी को क्रेन से उठाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस अनोखे तरीके को देखकर हैरान हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस दावे और वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस 46 सेकेंड के वीडियो में महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक को क्रेन के जरिए एक घर की छत तक पहुंचाते हुए देखा गया। क्रेन से लटकी गाड़ी को धीरे-धीरे दो मंजिला मकान की छत तक पहुंचाया जाता है और फिर बेहद सावधानी से उसे छत पर खड़ा कर दिया जाता है। गाड़ी को इस तरह घर की छत पर पहुंचाने का तरीका देखकर लोग काफी हैरान हैं। इस घटना पर लोग तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं।
चोरों से बचाने का ऐसा जुगाड़, SUV को ही दूसरी मंजिल पर चढ़ा दिया
बिहार के गोपालगंज में कार की सुरक्षा के लिए परिवार ने क्रेन बुलाकर SUV को घर की दूसरी मंजिल पर पहुंचवा दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।#Gopalganj #Bihar #SUV #ViralVideo #CarSecurity pic.twitter.com/HLwDfyyovd
— PRIYA RANA (@priyarana3101) September 7, 2026
परिवार को थी गाड़ी की टेंशन
बताया जा रहा है कि ये SUV मनोज यादव की है, जिन्होंने इसे कुछ समय पहले ही खरीदा था। मनोज काम के सिलसिले में इजराइल में रहते हैं और उनकी गैरमौजूदगी में कार की देखभाल एक ड्राइवर कर रहा था। बाद में ड्राइवर के वहां से चले जाने के बाद परिवार को गाड़ी की सुरक्षा की चिंता होने लगी। इसके बाद कार को चोरी से सुरक्षित रखने के लिए परिवार ने उसे घर की छत पर रखने का फैसला किया और क्रेन की मदद से SUV को ऊपर पहुंचाया गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है।
बताया जा रहा है कि छत पर खड़ी स्कॉर्पियो को देखने के लिए आसपास के लोग भी पहुंच रहे हैं। घर की छत पर इतनी भारी SUV रखने से छत की मजबूती और सुरक्षा को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)

