
जब कोई प्राकृतिक आपदा आती है तो इसकी भयावहता की कई तस्वीरें सामने आती है। एक तरफ मृत लोगों के घरों में मौतों का मातम होता है तो दूसरी तरफ जो जिंदा है वो अपनी मानवता तक खो देते हैं। नेपाल में आई भीषण बाढ़ की तबाही में कुछ तस्वीरें ऐसी भी सामने आई हैं, जिसमें मानवता पर सवाल खडा कर दिया है।
इस दौरान एक खबर ये भी आई है कि बाढ़ के सैलाब में नेपाल से एक बैंक का लॉकर भी बहकर आ गया, जिसे देखकर लोगों में लूट मच गई। कल एक वीडियो सामने आया था, जिसमें कुछ लोग एक मृत महिला के शव के कान और गले से ज्वेलरी नौच रहे थे। बता दें कि नेपाल में आई बाढ़ की वजह से अब तक 600 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और ढाई हजार लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में 320 भारतीयों समेत 537 विदेशी भी शामिल हैं।
बैंक लॉकर के लिए मची लूट : रसुवा में बाढ़ के सैलाब में एक बैंक का लॉकर भी बह गया। ये बैंक लॉकर धादिंग जिले के गल्छी गांवपालिका-4 स्थित बेलखूखोला के पास त्रिशूली नदी के किनारे पहुंचा तो इसमें से नकदी की लूट मच गई। हालांकि पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया और 29 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों से 92 लाख से ज्यादा की नकदी बरामद हुई है। आरोपियों के पास से 92 लाख 68 हजार 505 नेपाली रुपए बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार लोगों में पवन पौडे, वीरबहादुर राना मगर, विनोद गिरी, नवराज भेटुवाल, पूर्णलाल श्रेष्ठ, विष्णुमणि अधिकारी, कृष्ण मगर, शिवबहादुर राना मगर, युवराज अधिकारी,सुशान्त श्रेष्ठ, सुचिमबहादुर राना मगर, सविन श्रेष्ठ, प्रेमबहादुर राना मगर, अनिल भेटुवाल, बाकी 15 आरोपियों समेत कुल 29 लोगों को पुलिस ने नियंत्रण में लिया है।
त्रासदी की एक तस्वीर यह भी : बता दें कि नेपाल से बहकर कई शव भी भारत के बिहार तक आ रहे हैं, कितना ही सामान और तरह तरह की चीजें बहकर यहां तक आ गई है। जिनमें गैस सिलेंडर जैसी चीजें भी शामिल हैं। कई शव बहकर गंडक नदी में आ रहे हैं, सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में सामने आया कि लोग शवों से उनकी ज्वेलरी निकाल रहे हैं, खासतौर से महिलाओं के गले से सोने की चेन, कान के झुमके और अन्य कीमती सामान निकाल रहे हैं। एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग बहकर आए गैस के सिलेंडर उठाकर ले जा रहे थे। कुछ बहकर आईं मछलियां ले जा रहे थे। हैरान करने वाली बात है कि एक तरफ नेपाल में लोग जिदंगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं, वहीं यहां लोग लालच में यह सब कर रहे हैं।
नेपाल में खतरा बरकरार : नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद भी अभी खतरा पूरी तरह टला नहीं है। दरअसल चीन ने नेपाल को अलर्ट किया है कि ल्हेन्डे नदी सिस्टम के ऊपरी इलाकों में बनी झील कभी भी अपने किनारों को तोड़ सकती है और जो पानी का रंग बदल रहा है, वह खतरा हो सकता है। चीन का कहना है कि झील कभी भी फट सकती है। चीन ने नदी के बहाव की दिशा में जो लोग नीचे की तरफ रहते हैं, उन्हें अलर्ट रहने के लिए कहा है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी : नेपाल में आई बाढ़ के बाद बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। सेना ने रसुवा जिले में अपर त्रिशूली-1 हाइड्रोप्रोजेक्ट की सुरंग में फंसे लोगों का रेस्क्यू कर लिया है। अब तक 4500 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है जबकि 2500 की खोज खबर नहीं मिल पाई है।


