
बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को बीपीएससी परीक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर छात्रों और नौकरी के अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बीच एक झुग्गी बस्ती में रहने वाला 6 साल का बच्चा आदित्य अचानक चर्चा का केंद्र बन गया। टी-शर्ट, डेनिम की पैंट और माथे पर तिलक लगाए आदित्य ने प्रदर्शन में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में राजनीतिक टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस्तीफे की मांग कर दी। आदित्य ने पत्रकारों से कहा, “मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को इस्तीफा देना चाहिए और लाठीचार्ज का आदेश देने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।”
पुलिस ने हिरासत में लेने की बात से किया इनकार
प्रदर्शन के बाद पुलिस आदित्य को थाने ले गई और उसकी मां को सौंप दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चे को गिरफ्तार नहीं किया गया था, बल्कि उसकी सुरक्षा को देखते हुए कुछ समय के लिए थाने में रखा गया था। इससे पहले सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि पुनाईचक इलाके के रहने वाले आदित्य को प्रदर्शन में शामिल होने के कारण गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, पुलिस ने इन दावों को खारिज कर दिया। PTI के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि बच्चे को केवल सुरक्षा के लिहाज से अस्थायी तौर पर थाने लाया गया था।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि बच्चे की मां और दिहाड़ी मजदूर पिता को भी बच्चे को लेकर अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी गई। अधिकारी के मुताबिक, जिस इलाके में तनाव की स्थिति थी, वहां बच्चे को अकेले घूमने नहीं देना चाहिए था।
This incident is going to haunt India* for a long time:
A 6 year old being detained by baton wielding, helmeted police force for participating in a street protest.
A society in slo mo implosion!
*Bharat pic.twitter.com/ApFxhccerM
— Pankaj Pachauri (@PankajPachauri) August 26, 2026
प्रदर्शनकारियों ने लगाए ‘Gen Alpha’ के नारे
जब आदित्य को थाने से छोड़ा गया तो प्रदर्शनकारियों ने “Gen Alpha” के नारे लगाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते बच्चा प्रदर्शनकारियों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया।
आदित्य के माता-पिता और उसे जानने वाले लोगों के मुताबिक, प्रदर्शन स्थल पर उसकी मौजूदगी के पीछे मुख्य वजह आसपास हो रही घटनाओं को लेकर उसकी जिज्ञासा थी। हालांकि, पत्रकारों से बातचीत में आदित्य ने कहा कि वह “भविष्य को लेकर चिंतित एक नागरिक के तौर पर अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर रहा है।”
CM आवास की ओर बढ़ रहे छात्रों की पुलिस से झड़प
मंगलवार को बीपीएससी परीक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर छात्रों और नौकरी के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेड तोड़ने और पुलिस पर पत्थरबाजी किए जाने के बाद पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया और कथित तौर पर लाठीचार्ज भी किया। झड़प में कई लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि कुछ प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी खबर है।


