न्यूयॉर्क से दिल्ली तक बवाल, RSS प्रमुख मोहन भागवत के अमेरिका दौरे पर गर्माई सियासत, ‘इंडिया’ गठबंधन में उभरे मतभेद

न्यूयॉर्क से दिल्ली तक बवाल, RSS प्रमुख मोहन भागवत के अमेरिका दौरे पर गर्माई सियासत, 'इंडिया' गठबंधन में उभरे मतभेद

Mohan Bhagwat US Visit

Mohan Bhagwat US Visit: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत के अमेरिका दौरे और मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले उनके कार्यक्रम को लेकर समंदर पार शुरू हुआ विवाद अब भारत के राजनीतिक गलियारों में पूरी तरह गरमा चुका है। न्यूयॉर्क के भारतीय मूल के मेयर जोहरान ममदानी द्वारा इस कार्यक्रम का विरोध किए जाने के बाद भारत में विपक्षी 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के घटक दलों के बीच ही दरार और विरोधाभासी सुर देखने को मिल रहे हैं। दूसरी ओर, अमेरिकी सिंगर मैरी बिलमेन ने ममदानी पर निशाना साधते हुए कहा है कि वे भाजपा और मोदी विरोध के चलते ऐसा कर रहे हैं।

मेयर ममदानी का कड़ा रुख

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत संगठन के शताब्दी वर्ष के वैश्विक संपर्क कार्यक्रम के तहत 'यूनिवर्सल वननेस' इवेंट में हिस्सा लेने अमेरिका पहुंचे हैं, जहां वे मैडिसन स्क्वायर गार्डन में 5 हजार से अधिक भारतीय प्रवासियों को संबोधित करने वाले हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने साफ कहा कि वे इस रैली या कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह एक निजी कार्यक्रम है, इसलिए नगर प्रशासन के पास इसे रद्द करने का अधिकार शायद नहीं है। ALSO READ: USCIRF ने RSS पर प्रतिबंध की मांग की, मोहन भागवत के अमेरिकी दौरे से पहले बढ़ा विवाद

शिवसेना-UBT ने किया भागवत का समर्थन

ममदानी के बयान पर शिवसेना (यूबीटी) ने सख्त आपत्ति जताई है। पार्टी नेता आनंद दुबे ने कहा कि आरएसएस से करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी है और उनकी पार्टी के भी संघ से हमेशा अच्छे रिश्ते रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि घरेलू राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन विदेश में भारतीय नेता या नागरिक का विरोध पूरे देश का अपमान है। ममदानी को मेहमानों का सम्मान करना सीखना चाहिए।

कांग्रेस ने संघ के रजिस्ट्रेशन और फंड पर दागे सवाल

वहीं, दूसरी ओर महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने इस मामले पर सीधे संघ को ही आड़े हाथों लिया है। पटोले ने आरोप लगाया कि आरएसएस भारत में कहीं भी पंजीकृत संगठन नहीं है और एनजीओ के मुखौटे में काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि दुनिया के 36 देशों में इनके बिना किसी ऑडिट के बैंक खाते चल रहे हैं। पटोले ने सवाल उठाया कि भारी विरोध के बीच भागवत अमेरिका क्यों गए और इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। ALSO READ: 20 जुलाई को कहां थे भागवत? RSS के Gen-Z संवाद पर CJP प्रमुख दीपके का हमला, बोले- अब बहुत देर हो गई!

कौन हैं जोहरान ममदानी?

भागवत के कार्यक्रम का विरोध करने वाले जोहरान ममदानी भारतीय मूल के अमरीकी नेता हैं और वर्तमान में न्यूयॉर्क शहर के मेयर हैं। जोहरान ममदानी मशहूर भारतीय मूल की फिल्म निर्देशक मीरा नायर (फिल्म 'सलाम बॉम्बे' और 'मानसून वेडिंग' की डायरेक्टर) और प्रसिद्ध युगांडा-भारतीय शिक्षाविद महमूल ममदानी के बेटे हैं। वे न्यूयॉर्क शहर के इतिहास में पहले भारतीय-अमेरिकी मेयर हैं। ममदानी की मां मीरा का पूरा परिवार आज भी भारत में ही निवास करता है।