
भोपाल। मध्यप्रदेश में एनालॉग पनीर के उत्पादन और बिक्री पर अब प्रतिबंध लगा दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दे दिए है। मोहन यादव के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने इस दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। मध्यप्रदेश से सटे गुजरात, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ में एनालॉग पनीर पर बना लगाए जाने के बाद प्रदेश में एनालॉग पनीर को बड़े पैमाने पर खपाए जाने की खबरों के बात सरकार ने यह बड़ा फैसला किया है। आने वाले समय में त्यौहारी सीजन को देखते हुए सरकार ने लोगों के स्वास्थ्य को देखते हुए यह बड़ा फैसला किया है।
क्या होता है एनालॉग पनीर?-एनालॉग पनीर को आम बोलचाल में नकली या सिंथेटिक पनीर कहा जाता है।यह असली पनीर की तरह दिखने और स्वाद देने वाला गैर-डेयरी उत्पाद है, जिसमें दूध के वसा या अन्य दुग्ध घटकों की जगह वनस्पति तेल या वसा, स्टार्च, इमल्सीफायर, स्किम्ड मिल्क पाउडर और अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा सकता है। FSSAI के अनुसार डेयरी एनालॉग ऐसे उत्पाद हैं, जिनमें दूध से प्राप्त घटकों को आंशिक या पूरी तरह गैर-दुग्ध सामग्री से बदला जाता है।
असली पनीर दूध से बनाया जाता है, जबकि एनालॉग पनीर का उत्पादन लागत कम रखने के लिए गैर-दुग्ध सामग्री के इस्तेमाल से किया जाता है। यही वजह है कि यह सामान्य पनीर की तुलना में सस्ता पड़ता है और होटल, ढाबों, कैटरिंग तथा अन्य फूड कारोबार में इसका इस्तेमाल किया जाता रहा है। FSSAI ने भी स्पष्ट किया है कि चीन एनालॉग को पनीर के नाम से बेचना नियमों का उल्लंघन है और उत्पाद की सही पहचान व लेबलिंग जरूरी है।
एनालॉग पनीर सेहत के लिए नुकसानदायक-असली पनीर प्रोटीन और कैल्शियम का महत्वपूर्ण स्रोत है, जबकि एनालॉग पनीर में इस्तेमाल होने वाली गैर-दुग्ध सामग्री के कारण उसका पोषण प्रोफाइल अलग होता है। विशेषज्ञों ने विशेष रूप से इस्तेमाल किए जाने वाले तेल और वसा की गुणवत्ता को लेकर चिंता जताई है।
अब तक इन राज्यों में लग चुका है प्रतिबंध- मध्यप्रदेश से सटे छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात में एनालॉग पनीर की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। छत्तीसगढ़ ने जुलाई और महाराष्ट्र ने अगस्त में अनस्टैंडर्ड एनालॉग और नॉन-डेयरी पनीर के उत्पादन, वितरण और बिक्री पर एक साल का राज्यव्यापी प्रतिबंध लगाया। वहीं गुजरात ने एनालॉग पनीर के साथ-साथ एनालॉग चीज और बटर के निर्माण, बिक्री और खपत पर भी रोक लगाई है।


