LPG Price Cut: राहत भरी खबर, 1 अगस्त से गैस सिलेंडर हुआ ₹209 तक सस्ता

आज 1 अगस्त से दिल्ली और कोलकाता में LPG सिलेंडर सस्ता हो गया है। हालांकि कीमत में कटौती 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर तक ही सीमित है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सूत्रों का कहना है कि कीमत दिल्ली में 202 रुपये और कोलकाता में 209 रुपये कम की गई है। अब कोलकाता में 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की नई कीमत 2,872.50 रुपये हो गई है। दिल्ली में नई कीमत 2,728 रुपये होगी। ये नए रेट 1 अगस्त 2026 से लागू हैं।

हालांकि सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों की वेबसाइट पर कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं दिख रहा है। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक, इंडेन कमर्शियल गैस सिलेंडर की मुंबई में कीमत 2885.50 रुपये और चेन्नई में 3106 रुपये है।

घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं

14.2 kg के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसकी कीमत में आखिरी बार बदलाव 7 जून 2026 को हुआ था। दाम 29 रुपये बढ़ा था। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, बिना सब्सिडी वाले 14.2 kg के घरेलू इंडेन LPG सिलेंडर की कीमत वर्तमान में दिल्ली में 942 रुपये है। मुंबई में कीमत 941 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये है। लोकल सेल्स टैक्स या VAT के आधार पर रेट अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग होते हैं।