
Ram Mandir CEO Recruitment: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या की व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की भर्ती प्रक्रिया अब अपने अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। देशभर से आए 5200 आवेदनों में से कड़ी छंटनी के बाद अंतिम चरण के साक्षात्कार के लिए 18 उम्मीदवारों को चुना गया है।
PFC में दो दिवसीय इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया
- अंतिम इंटरव्यू : चयनित 18 उम्मीदवारों का अंतिम साक्षात्कार 11 और 12 अगस्त को राम मंदिर परिसर स्थित पिलग्रिम फैसिलिटेशन सेंटर (PFC) में आयोजित किया जा रहा है।
- तीन सदस्यीय चयन समिति : साक्षात्कार की कमान सेवानिवृत्त जस्टिस प्रमोद कोहली की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय समिति संभाल रही है।
- प्रारंभिक समीक्षा : इससे पहले समिति ने समीक्षा के बाद प्रथम चरण में 54 उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया था, जिसमें से 18 नाम अंतिम चरण के लिए चुने गए।
2 सितंबर को ट्रस्ट की बैठक : तीन नामों के पैनल पर होगा फैसला
चयन समिति साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी करने के बाद 3 सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवारों का एक पैनल तैयार कर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपेगी। 2 सितंबर को प्रस्तावित ट्रस्ट की आधिकारिक बैठक में इन तीन नामों पर विचार-विमर्श के बाद नए CEO के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। ALSO READ: त्रेता युग सा अहसास! अनूठी है रात की रोशनी में नहाई रामनगरी अयोध्या
नया CEO और पूर्णकालिक महासचिव मिलने के बाद होंगे बड़े बदलाव
2 सितंबर की बैठक केवल CEO पद तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मंदिर प्रशासन में कई बड़े प्रशासनिक बदलावों की भी उम्मीद जताई जा रही है। बैठक में किसी ट्रस्टी को पूर्णकालिक महासचिव का प्रभार सौंपा जा सकता है। ट्रस्ट के 3 रिक्त सदस्य पदों के साथ-साथ नए प्रवक्ता और सचिव की नियुक्ति पर भी निर्णय लिया जाएगा। ALSO READ: अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में 5 बड़े फैसले, संतों को बड़ी जिम्मेदारी
मंदिर में हाल ही में चढ़ावे की धनराशि में अनियमिताएं सामने आने और SIT-पुलिस जांच के बीच कर्मचारियों में हलचल है। माना जा रहा है कि नया CEO आने के बाद मंदिर की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए कर्मचारियों के पुनर्गठन और नए स्टाफ की तैनाती की जाएगी।

