UP BJP new team: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (Uttar Pradesh Assembly Elections 2027) के सियासी महासमर को फतह करने के लिए बीजेपी ने अपनी नई 'पलटन' मैदान में उतार दी है। यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपनी नई टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस नई टीम में जहां एक तरफ क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को बेहद बारीकी से साधा गया है, वहीं आधी आबादी (महिलाओं) को भी मजबूत प्रतिनिधित्व दिया गया है।
19 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री, 46 मंत्री
पंकज चौधरी की इस कोर टीम में 19 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री, 46 मंत्री और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष शामिल किए गए हैं। आइए जानते हैं कि 2027 के रण के लिए किस नेता को क्या जिम्मेदारी मिली है। बीजेपी ने उपाध्यक्ष पद पर अनुभव और युवा जोश का मिलाजुला कॉम्बिनेशन रखा है। टीम में प्रियंका रावत, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल और डॉ. कृतिका अग्रवाल के रूप में मजबूत महिला चेहरों को जगह दी गई है। इनमें सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, मोहित बेनीवाल, रमेश सिंह, शंकर गिरी, कामेश्वर सिंह, नीरज सिंह आदि शामिल हैं।
भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। @NitinNabin @mppchaudhary @idharampalsingh pic.twitter.com/jOu52lsTlc
— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) June 25, 2026
पार्टी के संगठनात्मक काम को गति देने के लिए 8 महामंत्रियों की नियुक्ति की गई है, जिनमें गीता शाक्य को भी अहम जिम्मेदारी मिली है। इनके अलावा रामप्रताप सिंह चौहान, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी भी शामिल हैं। संगठन को बूथ स्तर तक धार देने के लिए 46 नेताओं को प्रदेश मंत्री की कमान सौंपी गई है। इसमें विजय शिवहरे, बसंत त्यागी, शिवभूषण सिंह, अंकुर शर्मा, और अनिल यादव जैसे जुझारू चेहरे शामिल हैं।
क्षेत्रीय और मोर्चा प्रभारी : किसे कहां की कमान?
बीजेपी ने उत्तर प्रदेश के सभी क्षेत्रों और जातिगत समीकरणों को साधने के लिए मोर्चों के अध्यक्ष भी तय कर दिए हैं-
- पश्चिम क्षेत्र : नबाब सिंह नागर
- ब्रज क्षेत्र : पूरन लाल लोधी
- कानपुर क्षेत्र : राम किशोर साहू
- अवध क्षेत्र : अवधेश द्विवेदी
- काशी क्षेत्र : अशोक चौरसिया
- गोरखपुर क्षेत्र : विनोद राय
- युवा मोर्चा : रोहित मिश्रा
- पिछड़ा मोर्चा : प्रकाश पाल
- किसान मोर्चा : देवेन्द्र सिंह
- महिला मोर्चा : सरोज कुशवाह
- अनुसूचित जाति मोर्चा : अशोक रावत
- अनुसूचित जनजाति मोर्चा : विद्याभूषण गोंड
दिनेश प्रताप सिंह को पार्टी का मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है, जबकि मीडिया संयोजक : मनीष दीक्षित, प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक : हिमांशुराज पंडित होंगे। पंकज चौधरी की इस नई टीम के गठन से साफ है कि बीजेपी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए किसी भी स्तर पर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। सोशल इंजीनियरिंग और क्षेत्रीय संतुलन के सहारे पार्टी ने विपक्षी खेमे की घेराबंदी शुरू कर दी है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

