मानसून ने बढ़ाई रफ्तार, छत्तीसगढ़ में एंट्री; 22 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

rain alert in 22 states

Weather Update 23 June : 14 दिन की सुस्ती के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मानसून ने एक और छ्त्तीसगढ़ में दस्तक दी तो दूसरी ओर यह अलीबाग तक पहुंच गया। कुछ ही घंटों में यह मुंबई पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने आज देश के 22 राज्यों में बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। ALSO READ: Positive IOD क्या है? कैसे बनता है भारतीय मानसून का 'रक्षक' और El Nino के असर को करता है कमजोर

 

इन राज्यों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के महाराष्ट्र, तेलंगाना और ओडिशा के बाकी हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में इस हफ्ते भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में 28 जून तक भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तराखंड में भी आने वाले कुछ दिनों तक बारिश हो सकती है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कई स्थानों पर भी बारिश की संभावना है।

 

कब पहुंचेगा MP, UP और विदर्भ

इस हफ्ते के अंत बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम बन सकता है जो मानसून को गति देगा। बहरहाल, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ पहुंचने में अभी एक हफ्ता और लग सकता है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों को मानसून का जुलाई तक इंतजार करना होगा। ALSO READ: मानसून पर 'विलेन' अल नीनो का ग्रहण : 5 राज्यों में सूखे का खतरा, IMD की चिंताजनक चेतावनी

 

48 घंटे में छत्तीसगढ़ कवर करेगा मानसून

छत्तीसगढ़ में दक्षिण पश्चिम मानसून की एंट्री हो गई है। इसके अगले 48 घंटे में पूरे राज्य को कवर करने की संभावना है। राज्य में कई स्थानों पर तेज बारिश हुई। 

 

मध्यप्रदेश में कैसा है मौसम?

मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्‍ट्र, जम्मू कश्मीर समेत कई राज्यों में सोमवार को अच्छी बारिश हुई है। मध्यप्रदेश के कई शहरों में प्री मानसून बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बताया जा रहा है कि प्रदेश में मानसून बालाघाट, अनुपपुर के रास्ते दस्तक दे सकता है। भोपाल, उज्जैन, रतलाम, जबलपुर, देवास, धार, खंडवा, बड़वानी समेत कई शहरों में सोमवार को बारिश हुई। फिलहाल बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

 

यहां हिटवेव का अलर्ट

कई राज्य अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम विभाग के अनुसार, विदर्भ, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में अगले 4-5 दिनों तक और छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिनों तक उष्ण लहर चलने की संभावना है।

edited by : Nrapendra Gupta