इंदौर के भंवरकुआ थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर चलती I20 कार में अचानक आग लग गई। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और काबू पाने की कोशिश की गई। बता दें कि घटना अटल बिहारी कॉलेज के पास स्थित फ्लाईओवर की है। आग बुझाने के दौरान कुछ समय के लिए फ्लाईओवर के एक हिस्से का यातायात भी रोकना पड़ा।
जानकारी के अनुसार घटना करीब दोपहर 12:30 बजे की है। धर्मेंद्र गोयल की कार फ्लाईओवर से गुजर रही थी, तभी अचानक उसके बोनट से धुआं निकलने लगा। धुआं देखकर चालक ने तत्काल वाहन रोककर खुद बाहर निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही मिनटों में आग ने कार के अगले हिस्से को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और वाहन धू-धू कर जलने लगा।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि दमकल कर्मियों के पहुंचने तक कार काफी हद तक जल चुकी थी। आग बुझाने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही भंवरकुआ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। सुरक्षा की दृष्टि से फ्लाईओवर के एक तरफ का यातायात कुछ समय के लिए रोक दिया गया, जिससे क्षेत्र में हल्का जाम भी लग गया।
Edited By: Naveen R Rangiyal
