
नेपाल में आई बाढ़ में भीषण तबाही देखने को मिल रही है। बाढ़ के कारण अब तक 157 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 700 से ज्यादा लोग लापता हैं। अचानक आई इस बाढ़ ने लोगों को संभलने का भी मौका नहीं दिया। नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, 384 पर्यटक लापता हैं, जिनमें 105 भारतीय भी शामिल हैं।
लेकिन इस त्रासदी के बीच मानवता का एक घिनौना चेहरा भी देखने को मिल रहा है। बाढ़ की त्रासदी झेल रहे नेपाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लोग बाढ़ में बहकर आ रहे मलबे से सिलिंडर निकालते नजर आ रहे हैं। आपदा के समय एक-दूसरे के साथ हाथ-हाथ मिलाकर आगे बढ़ने के बजाय कुछ लोग सामान लूटते नजर आ रहे हैं।
आपदा में अवसर खोज रहे लोग : सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा कि बाढ़ के पानी में घरेलू सिलिंडर, रेगूलेटर और पाइप बहकर जा रहे हैं। तभी वहां मौजूद कुछ लोगों ने इस आपदा में अवसर खोजते हुए पानी में छलांग लगाई और बहते सिलिंडरों को अपने साथ लेकर जाने लगे। सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो में बताया गया है कि रसुवा का बाढ़ का पानी अब चितवन के नारायणघाट तक पहुंच गया है। लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। एक अन्य वीडियो में बाढ़ का प्रकोप दिखाई दे रहा है। लोग नदी के पास से जान बचाने के लिए भागते नजर आ रहे हैं। वीडियो में स्कूली बच्चे पीठ पर स्कूल बैग लटकाए हुए जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं। सोशल मीडिया पर इन वीडियो को नेपाल का बताकर वायरल किया जा रहा है। हालांकि वेबदुनिया इन सोशल मीडिया के वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
मदद नहीं लूट का खेल : भयानक बाढ़ के बीच जहां लोग अपनी जान बचाने के लिए जूझ रहे हैं, वहीं इसी मुश्किल वक्त में कुछ लोगों की मदद की जाना चाहिए, लेकिन उसकी जगह बहकर आया सामान लूटने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग गैस सिलेंडर ले जाते हुए नजर आ रहे हैं। बाढ़ की तबाही के बीच सामने आए इस वीडियो ने लोगों को हैरान कर दिया है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, इसलिए इसकी लोकेशन और घटना की पूरी परिस्थितियों की पुष्टि जरूरी है।


