कृति सेनन के राखी विज्ञापन पर क्यों मचा विवाद? राहुल गांधी के समर्थन से फिर गरमाई बहस, कंगना ने दिया था बयान

कृति सेनन के राखी विज्ञापन पर क्यों मचा विवाद? राहुल गांधी के समर्थन से फिर गरमाई बहस, कंगना ने दिया था बयान

rahul gandhi _ kirti senon

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को अभिनेत्री कृति सेनन का समर्थन किया। रक्षाबंधन के एक ज्वेलरी ब्रांड के विज्ञापन में कृति सेनन के पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर हुई आलोचना और ट्रोलिंग के बाद राहुल गांधी ने कहा कि किसी महिला के कपड़े और उसकी जीवनशैली को ऑनलाइन नियंत्रित नहीं किया जाना चाहिए।

ALSO READ: India China Relations : भारत-चीन संबंधों में आई नई गर्माहट, अजीत डोभाल का बड़ा बयान, बोले- मोदी-शी जिनपिंग ने दी स्पष्ट दिशा

राहुल गांधी ने कृति सेनन के बयान को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा कि एक महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, यह उसकी अपनी पसंद है। महिलाओं को अपनी स्वतंत्रता का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल करना बंद किया जाना चाहिए।

rahul gandhi

रक्षाबंधन विज्ञापन से शुरू हुआ विवाद

विवाद उस समय शुरू हुआ जब ज्वेलरी ब्रांड के रक्षाबंधन विज्ञापन में कृति सेनन को आइवरी रंग के ब्रालेट और स्कर्ट के साथ केप पहने हुए दिखाया गया। विज्ञापन में वह राखी बांधती नजर आईं। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके पहनावे को लेकर बहस शुरू हो गई। कुछ यूजर्स ने इसे पारंपरिक त्योहार के अनुरूप नहीं बताया, जबकि कुछ लोगों ने विज्ञापन में कृति द्वारा कुत्ते को राखी बांधने पर भी आपत्ति जताई।

 

धीरे-धीरे विवाद केवल विज्ञापन तक सीमित नहीं रहा और महिलाओं के पहनावे, सांस्कृतिक परंपराओं तथा व्यक्तिगत स्वतंत्रता को लेकर बहस तेज हो गई।

ALSO READ: Bajaj Pulsar 125 और Pulsar 150 का नया अवतार लॉन्च, ₹92,990 से शुरू कीमत, मिलेंगे Ride Modes, TFT डिस्प्ले और Google Maps

कृति सेनन ने ट्रोलिंग पर दिया जवाब

 

मंगलवार को कृति सेनन ने सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना का जवाब देते हुए सवाल उठाया कि किसी महिला के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को उसके कपड़ों से ही क्यों आंका जाता है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि संस्कृति और परंपराएं महिला के दिल में होती हैं, उसकी नेकलाइन में नहीं। उन्होंने यह भी सवाल किया कि महिलाओं को यह बताना आखिर कब बंद किया जाएगा कि उन्हें क्या पहनना चाहिए। कृति ने कहा कि समय के साथ एथनिक फैशन में काफी बदलाव आया है, लेकिन सांस्कृतिक परंपराओं की बात आते ही महिलाओं को आज भी उनके पहनावे के आधार पर परखा जाता है।

kirti sanon

कंगना रनौत ने भी कृति के लुक पर साधा निशाना

इस विवाद में अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत की भी प्रतिक्रिया सामने आई। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए विज्ञापन में कृति सेनन के लुक की आलोचना की और इसे “जानबूझकर अजीब” बताया। वहीं कृति सेनन ने विज्ञापन का बचाव करते हुए कहा कि त्योहारों को उनके कपड़ों के बजाय उनसे जुड़े भावनात्मक मूल्यों और परंपराओं के आधार पर समझा जाना चाहिए।

‘रक्षाबंधन सुरक्षा का बंधन है’

 

कृति ने रक्षाबंधन के अपने पारिवारिक मायने भी बताए। उन्होंने कहा कि उनके परिवार में यह भाई-बहन के बीच सुरक्षा और आपसी प्रेम का बंधन है। उन्होंने बताया कि वह और उनकी बहन एक-दूसरे को राखी बांधती हैं और दोनों मानती हैं कि वे एक-दूसरे की उसी तरह रक्षा कर सकती हैं, जैसे कोई भाई करता है। कृति के मुताबिक, दोनों बहनें एक-दूसरे के अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाली और लंबी उम्र की प्रार्थना करती हैं। उन्होंने अपने पालतू जानवरों को भी परिवार का हिस्सा बताते हुए कहा कि उनके लिए वही भावना उनके पालतू जानवरों के प्रति भी है।

 

विज्ञापन में कुत्ते को राखी बांधने पर भी आपत्ति

विज्ञापन में कृति सेनन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती दिखाई देती हैं। इसके बाद वह अपने पालतू कुत्ते के पैर पर भी राखी बांधती नजर आती हैं। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने जहां कृति के पहनावे को लेकर सवाल उठाए, वहीं कुछ लोगों ने कुत्ते को राखी बांधने के दृश्य पर भी आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने के साथ ही चर्चा महिलाओं के कपड़ों से लेकर संस्कृति, परंपरा और व्यक्तिगत पसंद की स्वतंत्रता तक पहुंच गई। राहुल गांधी के समर्थन में उतरने के बाद इस पूरे विवाद को राजनीतिक रंग भी मिल गया है।