टीचर की हरकत से दहशत में 3 साल की बच्‍ची, अपशब्‍द कहे, धमकी दी, बेटी के बैग में वॉइस रिकॉर्डर रखकर पिता ने जुटाए सबूत, FIR दर्ज

टीचर की हरकत से दहशत में 3 साल की बच्‍ची, अपशब्‍द कहे, धमकी दी, बेटी के बैग में वॉइस रिकॉर्डर रखकर पिता ने जुटाए सबूत, FIR दर्ज

indore teacher

इंदौर में एक 3 साल की बच्‍ची को टीचर ने अपशब्‍द कहे और धमकी दी। टीचर की हरकत से मायूस दिखी बेटी से पिता ने पूछा तो उसने बताया कि टीचर मैम उसे गंदा गंदा बोलती है। इसके बाद पिता ने टीचर के खिलाफ सबूत जुटाने के लिए बेटी के बैग में वॉयस रिकॉर्डर रख दिया, जिसमें बच्‍ची से बात करने के दौरान टीचर की भाषा और अपशब्‍द रिकॉर्ड हो गए।

सबूत मिलने के बाद पिता ने टीचर के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई है। शिक्षिका की शिकायत लेकर पहले पिता स्कूल प्रबंधन के पास पहुंचे थे, लेकिन उनकी शिकायत को स्कूल प्रबंधन ने गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद पिता के दोस्तों ने सुझाव दिया कि वे पुलिस में इसकी शिकायत करें।

मैम गंदा गंदा बोलती है : मामला विजय नगर स्थित फर्स्टक्राई इंटेलिटाट्स प्री-स्कूल का है। बच्ची यहां नर्सरी में पढ़ती है। बच्ची के पिता रत्नेश की शिकायत पर पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रत्नेश ने शिकायत में बताया कि वे 8 अगस्त को बेटी को लेने स्कूल गए थे। वह उदास दिख रही थी। बातचीत में उसने बताया कि मैम उसे गंदा कहती हैं। बच्ची ने रोते हुए बताया कि उसे स्कूल में बहुत बुरा लगता है। मैडम ने उसे चिमटी काटी। इसके अगले दिन रत्नेश ने बेटी के लिए वॉइस रिकॉर्डर खरीदा और उसे बच्ची के बैग में रखकर स्कूल भेज दिया।

डर के मारे गिड़गिड़ा रही थी बच्ची : रात में रत्नेश ने रिकॉर्डिंग सुनी। इसमें उनकी बेटी को टीचर प्रांजली अपशब्द कहते हुए और मारने-पीटने की बात कह रही थी। बच्ची पिटाई से बचने के लिए गिड़गिड़ा भी रही थी। टीचर ने उसके माता-पिता को भी अपशब्द कहे। पूरे घटनाक्रम की वॉइस रिकॉर्डिंग हो गई।

रिकॉर्डिंग सुनने के बाद रत्नेश अपनी बेटी को लेकर स्कूल पहुंचे। उस समय बच्ची ने स्कूल के अंदर जाने से इनकार कर दिया और काफी रोने लगी। इसके बाद रत्नेश ने स्कूल की प्रिंसिपल से बात की और सीसीटीवी फुटेज की मांग की।

स्कूल प्रबंधन ने उन्हें फुटेज उपलब्ध नहीं कराए। मामले में पीड़ित परिवार ने अन्य रिश्तेदारों और वकील से बात की। इसके बाद विजयनगर पुलिस को रिकॉर्डिंग सौंपते हुए पूरा घटनाक्रम बताया। जांच के बाद मंगलवार को विजयनगर पुलिस ने टीचर के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई की है।