
TVS Motor Company ने ग्लोबल इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पोर्टफोलियो के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अफ्रीकी बाजार में एंट्री की है। कंपनी ने केन्या में अपना प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर TVS iQube लॉन्च किया है। यह पहली बार है जब TVS Motor ने अफ्रीका के इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) बाजार में कदम रखा है। कंपनी के मुताबिक, केन्या में iQube की लॉन्चिंग उसकी इंटरनेशनल इलेक्ट्रिक मोबिलिटी विस्तार रणनीति का हिस्सा है। TVS अब अपने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर पोर्टफोलियो को भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी तेजी से बढ़ा रही है।
ALSO READ: ChatGPT और Google Gemini ने पार किया 1 अरब यूजर्स का आंकड़ा, AI की दुनिया में बदल गया मुकाबला
परफॉर्मेंस और आराम पर फोकस
TVS Motor ने iQube को शहरी ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया है। कंपनी का कहना है कि इलेक्ट्रिक स्कूटर में परफॉर्मेंस, कम्फर्ट, सेफ्टी और बिल्ड क्वालिटी का संतुलन दिया गया है।
TVS iQube में 4.6 kW का पीक पावर आउटपुट मिलता है। कंपनी के अनुसार, इसका पावर आउटपुट पारंपरिक 125cc पेट्रोल स्कूटर के बराबर है।
4.2 सेकंड में 0 से 40 kmph की रफ्तार
स्पीड के मामले में भी TVS iQube खास है। कंपनी के मुताबिक, यह इलेक्ट्रिक स्कूटर 0 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार सिर्फ 4.2 सेकंड में पकड़ सकता है। इससे शहरी ट्रैफिक में तेज एक्सेलरेशन और आसान राइडिंग का फायदा मिलने की उम्मीद है।
अफ्रीका में EV कारोबार बढ़ाने की तैयारी
केन्या में iQube की लॉन्चिंग TVS Motor के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कंपनी अब अपने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कारोबार को ग्लोबल स्तर पर विस्तार देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। अफ्रीका में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की संभावनाओं को देखते हुए TVS की यह एंट्री कंपनी के अंतरराष्ट्रीय EV विस्तार के लिए अहम कदम साबित हो सकती है।


