क्या अरुणाचल में हो रही है चीनी घुसपैठ? क्या है स्थानीय लोगों की चिंता

Arunachal Pradesh News

Arunachal Pradesh News: हाल ही में कथित तौर पर अरुणाचल प्रदेश के कुछ युवाओं के वीडियो वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में युवाओं ने दावा किया है कि चीन अरुणाचल में घुसपैठ कर रहा है। एक युवा ने अपने वीडियो में यहां तक दावा किया है कि बहुत जल्द आप मुझे चीन में देखेंगे। मुझे ही नहीं पूरा अरुणाचल चीन में दिखेगा। हालांकि भारतीय सेना और अरुणाचल प्रदेश सरकार ने इस तरह के दावों को निराधार बताया है। 

 

अरुणाचल प्रदेश के युवा तावा नागू ने एक वीडियो में दावा किया है कि 'Good bye India, बहुत जल्द आप लोग मुझे चीन में देखेंगे। सिर्फ़ मुझे ही नहीं पूरा अरुणाचल चीन में दिखेगा।' Taba का दावा है कि अरुणाचल की जमीन पर चीन कब्जा कर रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। 

इसी तरह एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक खुद को अरुणाचल का स्थानीय निवासी बता रहा है और कह रहा है कि चीन ने पुखरेला में जमीन पर कब्जा किया है। उसने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। सभी को कदम से कदम मिलाकर काम करना चाहिए। हम स्थानीय लोग हैं और हमें पता है कि चीन कहां एक्टिविटी कर रहा है। 

क्या है पुखरेला (पुकुर ला/ Pukur La) से जुड़ा विवाद?

दरअसल, अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले (तक्सिंग सेक्टर) के 'पुखरेला' (पुकुर ला/ Pukur La) को लेकर सोशल मीडिया कुछ दावे सामने आए हैं। हाल के दिनों में स्थानीय संगठनों और विपक्षी नेताओं द्वारा यह दावा किया गया है कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने तक्सिंग सेक्टर के पुखरेला (पुकुर ला) और आसपास के इलाकों में घुसपैठ की है और निर्माण/अस्थायी ढांचे बनाए हैं।

क्या है भारतीय सेना और सरकार का रुख?

भारतीय सेना और अरुणाचल प्रदेश सरकार ने किसी भी तरह की नई चीनी घुसपैठ या भारतीय जमीन पर कब्जे के दावों को पूरी तरह खारिज और निराधार बताया है। सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया कि सीमा सुरक्षा 24×7 जारी है और घुसपैठ या जमीन छिनने की खबरें सोशल मीडिया की अफवाहें और भ्रामक जानकारी हैं। तक्सिंग और पुखरेला क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर दोनों देशों की अलग-अलग धारणाएं हैं और बेहद दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण दोनों पक्षों की ओर से पेट्रोलिंग गतिविधियां होती रहती हैं।

 

दरअसल, चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश के विभिन्न स्थानों के नाम बदलने की एकतरफा कोशिशों के जवाब में भारत सरकार (गृह मंत्रालय एवं सर्वे ऑफ इंडिया) ने आधिकारिक नक्शे पर 27 महत्वपूर्ण स्थानों को उनके मानक भारतीय नामों से औपचारिक रूप से दर्ज किया है।

इन 27 आधिकारिक स्थानों की सूची में 'पुखरेला' (पुकुर ला/Pukur La), माजा, लोंगजू और थाग ला जैसे रणनीतिक दर्रे और स्थान शामिल हैं। इसका उद्देश्य भारतीय संप्रभुता को आधिकारिक नक्शों पर स्पष्ट रूप से रेखांकित करना और किसी भी भ्रामक दावे को खत्म करना है। पुखरेला का नाम मुख्य रूप से भारत सरकार द्वारा सीमावर्ती स्थानों के आधिकारिक भारतीय मानकीकरण की वजह से खबरों में आया है।