कश्‍मीर में कई जगह फटे बादल, पुंछ और राजौरी में बारिश का कहर, 16 लोगों की मौत, दर्जनभर लापता

Cloudbursts at multiple locations in Kashmir, Rain wreaks havoc in Poonch and Rajouri

Jammu & Kashmir Weather Update News : जम्‍मू कश्‍मीर में बादलों ने जबरदस्‍त कहर बरपाया है। कई जगह भारी बारिश और बादलों के फटने के कारण 16 से अधिक जानें चली गई हैं। दर्जनभर अभी लापता हैं। पुंछ और राजौरी के सीमावर्ती जिलों में भारी बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 16 हो गई, जबकि कई लोग अभी भी लापता हैं, बचाव दल प्रतिकूल मौसम से जूझते हुए प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।

न्यू बस स्टैंड बेला इलाके में 250 वाहन बह गए

सबसे ज्यादा नुकसान सुरनकोट में हुआ है, जहां एक ही परिवार के 8 सदस्यों समेत 9 लोगों की जान चली गई है। 2 साल के बच्चे का शव बरामद किया गया है। हवेली में एक व्यक्ति की मौत हुई है और कई लापता हैं। राजौरी में भूस्खलन, अचानक आई बाढ़ और भारी बारिश के कारण एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुंछ के हवेली इलाके में खराब मौसम के कारण सात घर क्षतिग्रस्त हो गए। राजौरी में भी भारी बारिश के बाद धारहाल नदी का जलस्तर बढ़ गया है। न्यू बस स्टैंड बेला इलाके में पानी भरने से 200 से 250 वाहन बह गए हैं।

ALSO READ: Monsoon Alert : पहाड़ों से मैदान तक बारिश का कहर, राजौरी में 200 गाड़ियां बहीं, इन राज्यों में रेड अलर्ट

सुरनकोट और पुंछ जिले में सबसे ज्यादा तबाही

सुरनकोट और पुंछ जिले के अन्य हिस्सों में सबसे ज्यादा तबाही दर्ज की गई, जहां भूस्खलन, अचानक आई बाढ़ और मकान गिरने से भारी जानमाल का नुकसान हुआ। जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों द्वारा बचाव और राहत अभियान दिन भर जारी रहे।

ALSO READ: Weather Update 18 July : 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट, केदारनाथ में भूस्खलन का खतरा बढ़ा; यूपी में 21 जुलाई तक झमाझम बारिश

मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिले में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है, जबकि कई लोग अभी भी लापता हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में बचाव दल तैनात कर दिए गए हैं और लापता लोगों की तलाश, फंसे हुए निवासियों को निकालने और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करने के प्रयास जारी हैं।

Cloudbursts at multiple locations in Kashmir, Rain wreaks havoc in Poonch and Rajouri

अधिकारियों ने बताया कि रविवार तड़के सुरनकोट के लोअर मुर्रा में भूस्खलन से एक घर दब गया, जिससे पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया। बचाव दल ने कुछ शव बरामद किए, जबकि मलबे के नीचे फंसे लोगों की तलाश जारी है।

अलग-अलग घटनाओं में, लगातार बारिश के कारण घर गिरने से कई लोगों की जान चली गई, जबकि एक नाबालिग लड़की उफनती नदी में डूब गई। पुंछ और राजौरी जिलों में बाढ़ग्रस्त नदियों और नालों से शव भी बरामद किए गए।

ALSO READ: Weather Update 17 July : यूपी-बिहार में आंधी-पानी का तांडव, दिल्ली में भारी बारिश का अलर्ट; IMD की बड़ी चेतावनी

भारी बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर

राजौरी में रातभर हुई भारी बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर आ गए, जिससे भीषण बाढ़ आ गई। निचले इलाकों में पानी भर गया और सैकड़ों निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया और सड़कों व सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया, जिससे दर्जनों वाहन बह गए या डूब गए।

ALSO READ: Weather Update : फिर बदलेगा मौसम, यहां उमस से मिलेगी राहत, इन राज्‍यों में बारिश का अलर्ट

गृहमंत्री अमित शाह ने स्थिति का जायजा लिया

इस बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में भारी बारिश के बाद पैदा हुए बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से फोन पर बातचीत कर हालात की विस्‍तार से जानकारी हासिल की। गृहमंत्री अमित शाह ने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।