Corona Alert : 4 साल बाद Covid-19 से मौत, आंध्रप्रदेश में नए मामलों ने बढ़ाई चिंता

corona virus

आंध्रप्रदेश में लगभग 4 वर्षों बाद कोविड-19 (Covid-19) से पहली पुष्ट मौत दर्ज की गई है। राज्य के कडप्पा (Kadapa) जिले में 46 वर्षीय एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई। हाल के दिनों में जिले में कोविड-19 के मामलों में दोबारा बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।

ALSO READ: नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने से दतिया में बवाल, समर्थकों ने NH-44 किया जाम, बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी

चार दिन तक चला इलाज, निमोनिया से बिगड़ी हालत

जानकारी के अनुसार, 46 वर्षीय मरीज का इलाज सीएमसी वेल्लोर में चल रहा था, जहां उसकी कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। चार दिनों तक उपचार के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और बुधवार को उसकी मौत हो गई। जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मरीज के दोनों फेफड़े गंभीर रूप से संक्रमित हो चुके थे और उसे निमोनिया भी हो गया था, जिसके कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

ALSO READ: राम मंदिर दान घोटाला, सुप्रीम कोर्ट में 13 जुलाई को होगी बड़ी सुनवाई, CBI जांच और फोरेंसिक ऑडिट की मांग

कडप्पा में मिले चार नए कोविड मरीज

इसी बीच, RT-PCR जांच में कडप्पा जिले में चार नए कोविड-19 संक्रमित मिलने की पुष्टि हुई है। इनमें से तीन मरीज होम आइसोलेशन में हैं, जबकि एक मरीज अस्पताल के विशेष कोविड वार्ड में भर्ती है और उसका इलाज जारी है।

ALSO READ: 7,100mAh बैटरी, Snapdragon 8 Gen 5 और 144Hz डिस्प्ले Motorola Edge 70 Max लॉन्च से पहले सामने आए बड़े फीचर्स

दूसरी मौत को लेकर फैली अफवाह पर प्रशासन ने दी सफाई

 

जिले में दो कोविड मौतों की खबरें सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। जिला कलेक्टर ने बताया कि जिन दो मौतों की चर्चा हो रही थी, उनमें से एक व्यक्ति की मौत सीधे कोविड-19 से नहीं हुई थी। वह पहले से हृदय और लीवर की गंभीर बीमारियों से पीड़ित था और कोरोना उसकी मृत्यु का मुख्य कारण नहीं था। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।

ALSO READ: Hero VIDA VX2 Plus लॉन्च: 187KM रेंज, 65 मिनट फास्ट चार्जिंग और रिकॉर्ड बनाने वाला इलेक्ट्रिक स्कूटर

स्वास्थ्य विभाग ने जारी की सलाह

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कोविड-19 का खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। यदि किसी व्यक्ति को लगातार बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसी शिकायत हो, तो उसे तुरंत डॉक्टर से संपर्क कर जांच करानी चाहिए। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।