AI नहीं असली वीडियो, वायनाड में भूस्खलन का खौफनाक वीडियो, खिलौनों की तरह मलबे में बहे बस और ट्रक

Wayanad landslide video

केरल के वायनाड जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक भयावह भूस्खलन का वीडियो सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कोझिकोड और वायनाड जिलों को जोड़ने वाली निर्माणाधीन टनल रोड परियोजना के तहत कल्लाडी स्थित मीनाक्षी ब्रिज के पास जमा मिट्टी का विशाल ढेर अचानक बारिश के कारण खिसकने लगा। देखते ही देखते मिट्टी का बड़ा हिस्सा सड़क की ओर आ गया।  आसपास के पेड़ उखड़ गए और निर्माण स्थल पर लगाए गए लोहे तथा कपड़े के बैरिकेड्स भी बह गए।

 

भूस्खलन की चपेट में एक ट्रक और एक बस भी आ गए, जिन्हें मलबे का तेज बहाव अपने साथ बहा ले गया। टीवी चैनलों पर प्रसारित वीडियो में एक प्रत्यक्षदर्शी लोगों को चेतावनी देते हुए चिल्लाता सुनाई देता है- “दोस्तों, जल्दी भागो… जल्दी भागो!” जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया और टीवी चैनलों पर तेजी से वायरल हो रहा है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

 वीडियो में स्पष्ट दिखाई देता है कि मलबा सड़क पर फैलते ही कई लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटनास्थल पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया और हर कोई सुरक्षित स्थान की ओर दौड़ता नजर आया।
 

ALSO READ: Electric scooter : मेटल बॉडी वाले सस्ते इलेक्ट्रिक स्कूटर, दाम सुनेंगे तो चौंक जाएंगे

 हादसे के तुरंत बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय निवासियों ने भी बचाव अभियान में मदद की और मलबे में फंसे लोगों की तलाश शुरू कर दी। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने कम से कम तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी भूस्खलन का पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है। फुटेज में देखा जा सकता है कि जैसे ही मलबा मीनाक्षी ब्रिज के पास सड़क पर पहुंचा, लोग अपनी जान बचाने के लिए दौड़ पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भूस्खलन इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।