Telegram Ban India: NEET UG 2026 से पहले सरकार ने Telegram पर ही क्यों लगाई रोक?

ban on telegram  before NEET EXAM

Telegram Neet UG Exam : NEET UG की 21 जून को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए टेलीग्राम पर अस्थाई रोक लगाई है। सरकार ने 22 जून तक टेलीग्राम पर रोक लगाई है जबकि मैसेज एडिटिंग फीचर 30 जून 2026 तक बंद रहेगा। इस बड़े फैसले के बाद लोग यह जानना चाहते हैं कि सरकार ने केवल टेलीग्राम पर शिकंजा क्यों कसा? ALSO READ: NEET री-एग्जाम से पहले बड़ा एक्शन: 22 जून तक Telegram बंद, पेपर लीक रोकने के लिए सरकार का फैसला

 

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने कहा है कि इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69 A के तहत एक निर्देश जारी किया है। इसके तहत भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म का एक्सेस एक तय और सीमित समय के लिए (22 जून 2026 तक) सीमित किया गया है। एनटीए ने कहा कि टेलीग्राम से कहा गया है कि वह भारत में पहले से पोस्ट किए गए मैसेज के लिए 'मैसेज-एडिटिंग' फीचर को 30 जून 2026 तक बंद कर दे। यह कदम उस खास फीचर को ध्यान में रखकर उठाया गया है, जिसका इस्तेमाल राष्ट्रीय परीक्षाओं के संबंध में घटना के बाद 'पेपर लीक' के सबूत गढ़ने के लिए किया जाता रहा है।

 

क्या है टेलीग्राम?

टेलीग्राम एक लोकप्रिय, क्लाउड-आधारित इंस्टेंट मैसेजिंग और सोशल मीडिया ऐप है। इसके जरिए आप मैसेज भेजने के साथ-साथ फोटो, वीडियो और कोई भी बड़ी फाइल (जैसे डॉक्युमेंट्स, जिप) मुफ्त में शेयर कर सकते हैं। यह एंड-टू-एंड (end-to-end) एन्क्रिप्शन के साथ सुरक्षित वॉइस और वीडियो कॉल की सुविधा देता है। इसमें एक साथ लाखों लोग ग्रुप्स में जुड़ सकते हैं। इसके अलावा आप ब्रॉडकास्ट चैनल्स बनाकर बड़ी ऑडियंस तक एक साथ जानकारी पहुंचा सकते हैं। इसमें 'सीक्रेट चैट' का विकल्प होता है, जो पढ़ने के बाद मैसेज को अपने आप डिलीट कर देता है। साथ ही, कामों को आसान बनाने के लिए इसमें कई तरह के ऑटोमेटेड 'बॉट्स' भी मिलते हैं।

 

सरकार ने क्यों कसा शिकंजा?

पेपर लीक से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए 22 जून तक टेलीग्राम की पहुंच सीमित की गई। 

सरकार का कहना है कि कुछ मामलों में टेलीग्राम के मैसेज एडिटिंग फीचर का इस्तेमाल परीक्षा होने के बाद पुराने संदेशों को बदलकर यह दिखाने के लिए किया जाता रहा है कि प्रश्नपत्र पहले से उपलब्ध था। 

इसी वजह से टेलीग्राम को भारत में 30 जून 2026 तक मैसेज एडिटिंग फीचर बंद करने का निर्देश दिया गया।

edited by : Nrapendra Gupta