जेल से छूटते ही खान सर पर भड़के ज्ञान बिंदु के रौशन आनंद, बोले- ‘साजिश के तहत हुई मेरे भाई की हत्या’

roshan anand

Roshan Anand News : ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद जेल से रिहा हो गए। बाहर आते ही खान सर उर्फ फैजल खान पर उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक बयान के कारण मुझे साजिश के तहत फंसाया गया। मेरे भाई की साजिश के तहत हत्या कराई गई। उन्होंने कहा कि जब मैं जेल से बाहर था मेरा भाई ठीक था। मैं जेल गया और मेरे भाई की हत्या हो गई।

 

रौशन आनंद ने कहा कि फैजल खान ने इस मामले में झूठ बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि 2 जून को हुई फायरिंग खान सर की तरफ से कराई गई थी, लेकिन बाद में पूरे मामले को दूसरी दिशा देने की कोशिश की गई। सच्चाई सामने आए, इसके लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच जरूरी है।

 

प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर भी विवाद गहराता जा रहा है। प्रिंस यादव खान सर कोचिंग विवाद मामले में नामजद आरोपी थे। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद वह फरार चल रहे थे। नेपाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों का अब तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है।

 

प्रिंस यादव की मौत के बाद खान सर ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि किसी भी व्यक्ति की मौत दुखद है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

 

तेज प्रताप ने भी खान सर पर लगाए थे आरोप

राजद नेता तेज प्रताप यादव ने इस मामले में बड़ा बयान देते हुए दावा किया था कि प्रिंस यादव की मौत के पीछे साजिश है। जिस पक्ष से विवाद चल रहा था, उसी पर संदेह होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा था कि मामले की गहन जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने रौशन आनंद को भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल देने की भी मांग की थी।

edited by : Nrapendra Gupta