नोएडा के जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानें सोमवार से शुरू हो गई। आज सुबह लखनऊ से यात्रियों को लेकर आया इंडिगो का विमान नए एयरपोर्ट के रनवे पर उतरा। नोएडा एयरपोर्ट पहुंचे पहले विमान में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना समेत कई मंत्री सवार रहे। विमान का स्वागत वाटर कैनन से किया गया।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने दीप प्रचलित कर जेवर एयरपोर्ट का शुभारंभ किया। इसके बाद इंडिगो एयरलाइंस का विमान यहां उतरा।
विमान में सफर करेंगे 170 किसान
एक विशेष फ्लाइट आज नोएडा से लखनऊ के लिए रवाना होगी। इसमें 170 किसान, जेवर विधायक और नोएडा एयरपोर्ट के अधिकारी उड़ान भरेंगे। किसान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर एयरपोर्ट के लिए आभार जताएंगे।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स में शुमार है। इसे पब्लिक‑प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत करीब 11,200 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित किया गया है। नोएडा एयरपोर्ट से 16 जून से 8 विमान संचालित होंगे। बेंगलुरु, लखनऊ, हैदराबाद और अमृतसर के लिए भी उड़ानें होंगी। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अभी अनुमति नहीं मिली है।
पीएम मोदी ने किया था शिलान्यास
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शिलान्यास पीएम नरेंद्र मोदी ने 25 नवंबर 2021 को किया था। पहले चरण में 1334 हेक्टेयर के क्षेत्र में निर्माण पूरा हो चुका है। चारों चरण पूरे होने पर यह एशिया का सबसे बड़ा और विश्व का छठा सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन जाएगा।
edited by : Nrapendra Gupta
